बलिया के बैरिया से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर अपने बयान से चर्चा में हैं। गुरुवार की रात पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम का अवतार बताया है।
साथ ही कहा कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वे देश में राम राज्य का सपना साकार करेंगे। उनकी अंतरात्मा कहती है कि ईश्वर ने अमित शाह को प्रभु राम के भाई लक्ष्मण और सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के महान सलाहकार चाणक्य के रूप में भेजा है।
योगी आदित्यनाथ का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि ब्रह्मचारी हनुमान के रूप में योगी जी भी आए हैं। उन्होंने कहा कि राम, लक्ष्मण और हनुमान की यह टीम भारत में रामराज्य का सपना पूरा करेगी और राम राज्य राष्ट्रीय राजनीति में स्थापित होगा।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बारे में पूछने पर विधायक ने कहा कि यदि वह अपनी जाति के लोगों के बारे में चिंतित थे, तो उन्हें अपने परिवार के सदस्यों के लिए टिकट नहीं मांगना चाहिए।
विधायक ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल खुद को प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त पाते हैं, वह देश को नेतृत्व प्रदान नहीं कर सकते हैं। इससे पूर्व बैरिया विधायक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सूर्पणखा, दानव राजा रावण की बहन कहा था।