यूपी के गाजीपुर में मनिहारी द्वितीय से भाजपा के मंडल महामंत्री राजू मिश्रा ने मेडिकल कॉलेज के 300 बेड अस्पताल में घुटने की एमआरआई कराई लेकिन रिपोर्ट ब्रेन की मिली है। इससे राजू का इलाज नहीं शुरू हो सका। डॉक्टर ने दोबारा जांच कराने और सही रिपोर्ट के साथ आने को कहा है।
पहेतिया उर्फ सरौली निवासी भाजपा नेता का आरोप है कि घुटने में गिल्टी है। 29 सितंबर को 3500 रुपये जमा करके मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में एमआरआई कराई। जांच के बाद फिल्म तो मिल गई, लेकिन रिपोर्ट के लिए बुधवार को बुलाया गया।
अस्पताल जाकर रिपोर्ट ली और निजी क्लीनिक में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. केके यादव को दिखाने पहुंच गए। डॉक्टर ने रिपोर्ट को गलत बताया। कहा कि फिल्म घुटने की है लेकिन रिपोर्ट ब्रेन की है। नए सिरे से एमआरआई कराकर आना होगा तभी इलाज शुरू हो सकेगा।
राजू मिश्रा का कहना है कि इलाज पर पहले ही ज्यादा खर्च हो चुके हैं। गलत रिपोर्ट के कारण इलाज शुरू नहीं हो सका। दोबारा शुल्क जमा कराकर जांच कराने में परेशानी होगी। पूरी फीस वापस मिले या फिर निशुल्क जांच की व्यवस्था कराई जाए।
दूसरी तरफ मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से बुधवार की रात करीब आठ बजे राजू मिश्रा की पर्ची संख्या 5527 से संबंधित घुटने की रिपोर्ट जारी कर दी गई।
दोबारा एमआरआई के लिए बुलाया, जांच होगी
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि एमआरआई की रिपोर्ट ऑनलाइन आती है। अस्पताल में दो टेक्नीशियन तैनात हैं। राजू मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है कि फिल्म घुटने की मिली, जबकि रिपोर्ट ब्रेन की है। दोबारा एमआरआई के लिए उन्हें बृहस्पतिवार (एक अक्तूबर) को बुलाया गया है।
ऑनलाइन रिपोर्ट के दौरान एक नाम के दो मरीज होने से तकनीकी दिक्कत की आशंका है। मामले की जांच कराई जाएगी। शासन से नामित एमआरआई संस्था के जिम्मेदारों से शिकायत दर्ज कराई जाएगी।