निकाय चुनाव में पार्टी का समीकरण बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को भाजपा ने चिह्नित किया है। कार्रवाई के सवाल पर पार्टी पदाधिकारी फिलहाल कुछ बोलने से कतरा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इन्हें जल्द बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पिछले दिनों 20 लोगों को पार्टी ने बाहर किया था। इनके अलावा कुछ और लोग चिह्नित किए हैं जो मतदान के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे। ऐसे लोगों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान के पास पहुंच गई है।
पार्टी को इसका अंदेशा पहले से था। इस नाते कई नेताओं को जिम्मेदारी देकर दूसरे जिलों में भेज दिया गया था। उसका असर रहा कि चुनाव के दौरान पहले जैसी दिक्कत नहीं आई। पार्टी से नाराज चल रहे कुछ नेताओं की जानकारी बड़े नेताओं को भी है।
इसकी काट तैयार कर पार्टी ने कई नए लोगों को जिम्मेदारी दे दी थी जो बेहतर काम कर रहे हैं। वर्ष 2006 और 2012 के निकाय चुनाव में पार्टी के ही कुछ धुरंधरों ने गणित बिगाड़ने का प्रयास किया था।
चुनाव प्रबंधन देखने वालों की मानें तो पार्टी ने ऐसे लोगों से बचने का रास्ता पहले ही निकाल लिया गया था। अब चिह्नित लोगों को बाहर निकालने की तैयारी चल रही है।