घर के सामने ही किशोर को मारी गोली,
- फोटो : फाइल
जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कदम रसूल गांव में शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर एसपी, एएसपी समेत आला अफसरों ने पहुंचकर छानबीन की। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कदम रसूल गांव निवासी साहब लाल यादव का पुत्र सौरभ उर्फ सनी (17) शुक्रवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे घर से निकलकर सड़क पर आया। तभी कचहरी की तरफ से आए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज़ सुनकर परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक बाइक सवार बदमाश जमैथा गांव की ओर फरार हो गए।
सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना पाकर लाइन बाजार एसओ योगेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में एसपी राजकरन नय्यर, एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार, सीओ सिटी जितेंद्र दुबे भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में पूछताछ की।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की शवगृह में रखवा दिया। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार ने बताया कि पूछताछ में अब तक कोई रंजिश की बात भी सामने नहीं आई है। परिजनों की तहरीर का इंतजार है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।