वाराणसी। पीएफ घोटाले से खफा बिजली कर्मचारियों ने सोमवार और मंगलवार को 48 घंटे के कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। इससे न तो बिजली बिल जमा हो पाएंगे और न ही नए कनेक्शन मिलेंगे। समाधान योजना के तहत पंजीकरण भी नहीं हो सकेगा।
रविवार को भी विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी कार्यालय पर विरोध जताकर सभा की। जांच से असंतुष्ट बिजली कर्मचारियों ने पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी की मांग की। समिति के संयोजक आरबी यादव ने कहा कि बिजली कर्मचारी एमडी के मुख्य द्वार पर विरोध सभा करेंगे। कार्य बहिष्कार सुबह आठ बजे से शुरू होगा। बिजली का ग्रिड फेल न हो, इसलिए बड़े उत्पादन गृहों, 400 केवी विद्युत उपकेंद्र और सिस्टम आपरेशन की शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी व अभियंता कार्य बहिष्कार में शामिल नहीं होंगे। इस मौके पर आरके वाही, चंद्रशेखर, मायाशंकर तिवारी, सुनील यादव आदि शामिल रहे।