शक्तिपीठ स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुजरात से आए एक बुजुर्ग पर्यटक के सीने में दर्द होने लगा। उन्होंने अपने साथियों से सांस लेने की भी समस्या बताई। जिला अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गुजरात के वडोदरा जिले के शामा थाना क्षेत्र के बासोपुर निकट कैलाश पति महादेव निवासी कटोदिया रणछोड़ भाई (75) सहित 40 लोगों का दल 28 जनवरी को भारत भ्रमण के लिए निकला था। यह दल उज्जैन, चित्रकूट होते हुए प्रयागराज पहुंचा। महाकुंभ स्नान करने के बाद दल गत सोमवार को काशी दर्शन के लिए आया।
सभी ने सारनाथ के शक्तिपीठ स्थित दुर्गा मंदिर के समीप कैंप किया। कटोदिया रणछोड़ भाई की तबीयत खराब थी। उनका इलाज पंडित दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में कराया गया। सोमवार की रात उनकी तबीयत फिर खराब हो गई। उन्होंने साथियों से सीने में दर्द और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार उनकी अंत्येष्टि काशी में ही की जाएगी।
मां की डांट से नाराज छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी
कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर में किशोरी ने बीती शाम फंदा लगाकर जान दे दी। कैंट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार स्कूल नहीं जाने पर मां की डांट से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
थाना क्षेत्र के टकटकपुर निवासी मनोज पटेल की बेटी प्रिया पटेल (17) कक्षा 11वीं की छात्रा थी। पिछले कई दिन से स्कूल नहीं जा रही थी। इस बात को लेकर सुबह मां शीला ने प्रिया को डांटा था। इसके बाद वह किसी काम से बाहर चली गई। पिता भी ऑटो लेकर निकल गए और दो बहन और भाई भी अपने-अपने कार्य में लग गए। इस बीच शाम को परिजन घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
कई बार आवाज देने के बाद भी प्रिया ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। इस बीच परिजन खिड़की से झांके तो देखा कि पंखे की कुंडी में साड़ी के फंदे पर प्रिया लटक रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैंट पुलिस ने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर छात्रा ने यह कदम उठाया।
अश्लील वीडियो बनाया, पुलिस पर सुलह कराने का आरोप
कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है। आरोप लगाया कि गांव के एक मनबढ़ ने उनका अश्लील वीडियो बनाया। फिर उसे दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उस युवक ने कई बार मनमानी की। जब वह युवक की बात मानने से इंकार कर दी तो उसने उसका अश्लील वीडियो वायरल कर दिया।
कपसेठी थाने की पुलिस को तहरीर दी गई तो कार्रवाई के बजाय सुलहनामा पर दस्तखत करा लिया गया। उधर, इस संबंध में थानाध्यक्ष कपसेठी अरविंद कुमार सरोज ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। प्रार्थना पत्र आएगा तो जांच करा कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घाट पर दोस्तों के साथ बैठे युवक की पिटाई, केस दर्ज
सोनारपुरा केदार घाट इलाके में रहने वाले विवेक पांडेय की तहरीर पर उनके दोस्त अभिनव के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मोहित विश्वास, दीपक साहनी, राज जायसवाल, विशाल और पांच अज्ञात के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोप है कि अभिनव अपने दोस्तों के साथ मानसरोवर घाट पर बैठा था। तभी नशे में धुत आरोपी आकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडे और रॉड से मार कर घायल कर दिया।
चोरी की बाइक और बैटरी के साथ दो गिरफ्तार
लंका थाने की पुलिस ने लौटूबीर अंडरपास के पास से चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की एक बाइक, ई-रिक्शा चार बैटरी और 920 रुपये बरामद किया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र के शेखवा के मूल निवासी व मलहिया में रहने वाले रितेश सिंह और बिहार के रोहतास जिले के टोडा दिनारा के मूल निवासी व मारूती नगर कॉलोनी, सामने घाट में रहने वाले शुभम पांडेय के रूप में हुई है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी इलाके में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
महिला ने दर्ज कराया छेड़खानी का मुकदमा
लक्ष्मणपुर बजडीहा की रहने वाली एक महिला ने कैंट थाने में छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया कि वह छावनी क्षेत्र स्थित एक स्कूल में कार्यरत है। छावनी क्षेत्र के सदर बाजार के समीप स्थित विद्यालय द्वारा निर्मित आवास में रहती है।
आरोप है कि विगत तीन माह से मनोज पांडे रास्ते में उनके साथ छेड़खानी करता है। एक बार उनके घर में घुस कर भी अश्लील हरकत की। महिला की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
घर से निकली युवती वापस नहीं आई, केस दर्ज
सिकरौल, भोजूबीर निवासी एक व्यक्ति ने घर से निकली बेटी के अपहरण के आरोप में कैंट थाने में एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कैंट थाने की पुलिस को दी गई तहरीर में पिता ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय बेटी गत एक जनवरी को कुछ काम से घर से बाहर गई थी और फिर वापस नहीं आई। खोजबीन पर पता चला कि भोजूबीर चौरा मंदिर के पास चाय की दुकान लगाने वाला विशाल पटेल उसे बहला-फुसला कर अपने साथ ले गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश कर रही है।
भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते समय बाइक चोरी
मिर्जामुराद के खजुरी स्थित नेशनल हाईवे पर पुलिस चौकी के सामने मंगलवार को भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे युवक की बाइक चोरी हो गई। महाकुंभ यात्रियों के लिए यहां भंडारा चल रहा था। चंदुआ छित्तूपुर निवासी चंदन सिंह बाइक खड़ी कर प्रसाद लेने लगे। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्जकर जांच कर रही है।
लूट की साजिश रचते वाराणसी का बदमाश गिरफ्तार
अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम ने कंट्री इन होटल भोंडसी के पास से तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियार के बल पर आने-जाने वालों के साथ लूटपाट करने की साजिश रच रहे थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार शर्मा निवासी आगरा, आशीष निवासी वाराणसी और सज्जन निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल, कारतूस, रॉड, दो बाइक और एक टॉर्च बरामद की है।
जमीन के बैनामे के नाम पर धोखाधड़ी, मुकदमा दर्ज
खजुही में जमीन के बैनामे के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर स्थानीय थाने में दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। अशोका इंक्लेव कॉलोनी निवासी अंकित सिंह ने मुनव्वर विश्वकर्मा से जमीन खरीदी थी। लेकिन मुनव्वर विश्वकर्मा वर्ष 2015 में ही जमीन को अपने पुत्रों के नाम कर रखा था। मुनव्वर विश्वकर्मा और चंदतारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
ऑटो और कार की टक्कर में चार घायल
लोहता थाना क्षेत्र के केराकतपुर गांव के सामने बीती शाम ऑटो और कार की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सभी को पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया है। ऑटो चांदपुर की तरफ से लोहता की तरफ अपने विपरीत तरफ से जा रहा था। वहीं कार भदोही से शहर की तरफ जा रही थी। केराकतपुर गांव के सामने आमने सामने टक्कर हो गई। जिसमे ऑटो के चालक सहित चार लोग घायल हो गए।
प्राणघातक हमले में दो सगे भाइयों को मिली जमानत
पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर प्राणघातक हमला करने के आरोपी दो सगे भाइयों को कोर्ट से राहत मिल गई। जिला जज संजीव पांडेय की अदालत ने बबुरी, चंदौली निवासी आरोपी जयंत यादव और उसके भाई हेमंत यादव उर्फ सोनू को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
कर्मचारियों के बीच कार्यों का वितरण सही नहीं मिला
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने मंगलवार को अधिष्ठान अनुभाग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बीच कार्यों का वितरण सही नहीं पाया गया। इस पर प्रभारी अधिकारी (अधिष्ठान) को निर्देशित किया गया कि कार्य वितरण के संबंध में दोबारा प्रस्ताव प्रस्तुत करें।
गार्ड फाइल व सेवा-पुस्तिका का रख रखाव व्यवस्थित व पूर्ण नहीं पाया गया। इसे ठीक करने के साथ सेवा पुस्तिका को तत्काल एक सप्ताह के अंदर अपडेट करने को कहा। कहा कि जो भी कार्मिक सेवानिवृत्त होने वाले हो।
उनके समस्त देयकों का भुगतान आदि सम्बन्धी विवरण सेवानिवृत्त तिथि से पूर्व अवश्य पूरी कराएं। कार्य देखने वाले कर्मचारी शासनादेश अपने पास रखें। सभी कर्मचारियों की उपस्थिति जांची जाए। शासन स्तर से प्राप्त होने वाले पत्रों का निस्तारण तत्काल कराएं।
बिजली बिल में गड़बड़ी के आरोप में प्रदर्शन
भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय पर दर्जनों महिलाओं ने बिजली बिल में गड़बड़ी के आरोप में प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि योजना सिर्फ एक दिखावा है और गरीब महिलाओं को लूटने का काम किया जा रहा है। बिजली का बिल ठीक से नहीं आ रहा है। बिल न चुकाने पर चुकाने पर बिजली काट दी गई है।
लखपति महिला कार्यक्रम की प्रगति खराब मिली, जिम्मेदारों को फटकार
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। लखपति महिला कार्यक्रम की प्रगति खराब होने के कारण विकास खंड आराजीलाइन और सेवापुरी के ब्लाॅक मिशन मैनेजर तथा सहायक विकास अधिकारी को फटकार लगाई।
फेडरेशन मैपिंग में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। बैंक सखी के माध्यम से खाता खुलवाने तथा क्रेडिट लिंकेज की पत्रावली प्रेषण के निर्देश दिए गए। साथ ही समूह को दी जाने वाली धनराशि स्टार्ट अप फंड, रिवाल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि की डिमांड कम पाए जाने पर सभी विकास खंड को 15 फरवरी तक लक्षित समूहों के फंड डिमांड के लिए निर्देश दिए गए।
विकास खंड सेवापुरी में 30 महिलाओं को जोड़कर रेशम क्लस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए गए। मखाना की खेती के लिए प्रशिक्षण देने को कहा।
26 ऑटो का चालान
अधिक किराया वसूलने और बिना परमिट के चल रहे ऑटो रिक्शा के खिलाफ संभागीय परिवहन विभाग की कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रही। इससे ऑटो चालकों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान 25 ऑटो रिक्शा का चालान किया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पीएचसी पर 7 माह से फार्मासिस्ट कर रहे इलाज
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जामुराद में फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन के भरोसे मरीजों का इलाज हो रहा है। सात माह से यहां चिकित्सक की तैनाती नहीं हुई है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जामुराद में पिछले साल 4 अगस्त 2024 को मिर्जामुराद स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. आशीष गौतम का स्वास्थ्य केंद्र से वाराणसी स्थित आवास जाते समय हादसे में मौत हो गई थी। घटना के 7 महीने बाद भी यहां किसी डॉक्टर की तैनाती नहीं हो पाई है।
लिहाजा केंद्र का संचालन फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन कर रहे हैं। क्षेत्र के सुरेंद्र बिंद, कन्हैया भारती, रिजवान, चंद्रशेखर आदि चिकित्सक की तैनाती की की मांग की है।
वैष्णो देवी मंदिर में हुआ हवन पूजन
गुप्त नवरात्र की पंचमी तिथि पर मंगलवार को बलुआघाट मार्ग पर तिलमापुर रंगीलदास चौराहे पर स्थित मां वैष्णो देवी के पहले वार्षिकोत्सव समारोह विविध अनुष्ठान के साथ हुआ। स्थापना दिवस पर यज्ञादि अनुष्ठान हुआ। भक्तों में प्रसाद वितरित हुआ। पूजन में दुर्गा प्रसाद मिश्र, दिनेश मिश्र, जयप्रकाश सिन्हा, धीरज मिश्र, विवेक मिश्र, सतीश मिश्र, सचिन मिश्र, देवी प्रसाद मिश्र आदि मौजूद रहे।
शुभांकर ने फ्रांस में लगवाई चित्र प्रदर्शनी
बनारस में चित्रकारी कर चुके शुभांकर प्रकाश भारती ने फ्रांस में भारतीय कलाकारों की बनाई पेंटिंग की प्रदर्शनी लगवाई है। पेरिस में प्रतिष्ठित 193 आर्ट गैलरी में भारत की संस्कृति और इतिहास को दिखाया गया है। शुभांकर पेरिस की प्रतिष्ठित आर्ट गैलरी में डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशन हैं।
अस्सी पर बीएचयू के छात्र एसपी सिंह से चित्रकला सीख चुके शुभांकर प्रकाश भारती ने शांति निकेतन से चित्रकला की पढ़ाई की। सुल्तानपुर निवासी बीएचयू में शोध छात्र रहे शुभांकर के भाई रविंद्र भारती ने बताया कि फ्रांस में प्रदर्शनी लगाने का उद्देश्य भारत की समृद्ध और विविध कलात्मक विरासत को दुनिया के सामने लाना है।
पुष्कर ने फगुआ और दादरा से किया आनंदित
काशी विरासत संरक्षण समिति के काशी वंदन सांस्कृतिक संध्या में नमो घाट पर पुष्कर ओझा ने उप-शास्त्रीय गायन से प्रभावित किया। उन्होंने श्रीराम जी को श्रद्धा अर्पित करते हुए एक राम... भजन की प्रस्तुति की। हनुमान भजन से कलाकारों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
उन्होंने बनारसी होरी, दादरा आदि बंदिशों से आनंदित किया। अंत में बाबा विश्वनाथ को समर्पित भजन पेश किया। तबले पर नारायण दीक्षित तथा सारंगी पर ओम सहाय ने कुशल संगत की। संयोजन अंशुमान महाराज, संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन समिति सदस्य अंकित सिंह ने किया।
छात्राओं को दी गई रंगाई-बुनाई की ट्रेनिंग
बुनकर केंद्र चौकाघाट स्थित निजी पॉलीटेक्निक कॉलेज के टेक्सटाइल विभाग की छात्राओं को रंगाई और बुनाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें उन्हें हैंडलूम से कपड़े बनाने से लेकर उसे डाई करने और डिजाइनिंग के बारे में जानकारी दी जा रही है। छात्राओं को जकार्ड मशीन चलाने का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा और बुनाई के तरीके बताए जाएंगे। इसके बाद सभी छात्राओं को सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
शोध में उपयोगी होगा आर्थिकी
काशी विद्यापीठ के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से प्रकाशित शोध पत्रिका आर्थिकी के 51वें अंक का विमोचन मंगलवार को कुलपति प्रो. एके त्यागी ने किया। कहा कि शोध पत्रिका शोध करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगी।
पत्रिका के प्रधान संपादक प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि पीयर रिव्यूड एवं रेफरीड द्विभाषी वार्षिक पत्रिका है, जिसका प्रकाशन पिछले पांच दशकों से भी अधिक समय से किया जा रहा है। इस अंक में आर्थिक मुद्दों पर अकादमिक संस्थाओं के विद्वानों के शोधपत्रों का प्रकाशन किया गया है। प्रबंध संपादक प्रो. अंकिता गुप्ता और डॉ. पारस नाथ मौर्य हैं। समाज विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
बीएसए के सामने पेश किया प्रोजेक्ट स्पर्धनम्
प्रतियोगी परीक्षाओं के नोडल शिक्षक अजय कुमार ने एक नई पहल प्रोजेक्ट स्पर्धनम् को बेसिक शिक्षा अधिकारी डाॅ. अरविंद कुमार पाठक के सामने प्रस्तुत किया। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत बेसिक शिक्षा परिषद के छात्रों को निशुल्क नवोदय विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय, विद्याज्ञान स्कूल और जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
इस प्रोजेक्ट को शिक्षक अजय कुमार के साथ-साथ अध्यापक विनोद कुमार, टीजीटी टीचर आगरा चित्रगुप्त और सहायक अध्यापिका कोरौती प्रीति ने तैयार किया है। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी जाएगी।
विश्वनाथ मंदिर में पांच लाख भक्तों ने किए दर्शन
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मंगलवार को महाकुंभ का पलट प्रवाह जारी रहा। पांच लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। इस दौरान वसंत पंचमी पर स्नान कर प्रयागराज से लौटे श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। इस दौरान गोदौलिया, चौक, त्रिपुरा भैरवी घाट से श्रद्धालुओं की लाइन लगी थी।
वहीं, गोदौलिया से काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक का रास्ता पैदल यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए खोल दिया गया। आज से पलट प्रवाह का असर कम होना शुरू हो जाएगा।
मंडलायुक्त ने श्याम दरबार में लगाई हाजिरी
काशी में श्याम मंदिर के शिखर और गर्भगृह के स्वर्णजड़ित होने के बाद मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने मंगलवार को सपरिवार दर्शन-पूजन किया। श्याम प्रभु को पुष्प और इत्र अर्पित किया। मंदिर प्रांगण की भव्यता व व्यवस्था को देखकर मंडलायुक्त ने मंदिर प्रबंधन समिति की प्रशंसा की।
श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने मंडलायुक्त को अंगवस्त्रम भेंटकर किया। मंदिर के प्रधान पुजारी ने बाबा श्याम के आशीर्वाद स्वरूप कौशल राज शर्मा को तिलक व प्रसाद प्रदान किया। इस मौके पर राजेश तुलस्यान, प्रतीक केडिया, सुरेश तुलस्यान, अजय खेमका, पवन अग्रवाल, कृष्ण कुमार काबरा, उमेश जोगई, संदीप चांडक आदि रहे।
पूजा पंडालों में सजी झांकियां, भंडारे में लिया प्रसाद
सरस्वती पूजा पर मंगलवार को कई पूजा पंडालों व संस्थानों में भंडारे का आयोजन हुआ। लहरतारा पूजा पंडाल, चेतगंज, अर्दली बाजार आदि इलाकों के पूजा पंडालों में पूजन अर्चन के साथ ही भंडारे में हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, आश्रय चैरिटेबल ट्रस्ट के नंगवा एवं सामने घाट शाखा में सरस्वती पूजा के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन हुआ।
संस्था के अध्यक्ष एवं संचालक राकेश सरावगी ने बच्चों के साथ मां सरस्वती की पूजा की। सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बच्चों में फल, मिठाई एवं पठन-पाठन की सामग्री बांटी गई। वहीं, भगवानपुर में भारतीय युवा स्पोर्टिंग क्लब के पूजा पंडाल में पूजा हुई। मां की झांकी सजाई गई। इसके बाद भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मां की प्रतिमा के साथ सजाई देवों की झांकी
सरस्वती पूजा के बाद मंगलवार को मां की प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। सिगरा क्षेत्र के छित्तूपुर इलाके में वंदनी बॉयज क्लब की ओर से मां की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई। लाग-विमान के साथ श्रीराम दरबार व शिव दरबार की झांकी सजाई गई। देवों के स्वरूपों के लोगों ने दर्शन किया।
विसर्जन यात्रा में भगवान शंकर, ब्रह्मा, विष्णु महेश, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, माता सीता आदि के स्वरूप घोड़े पर विराजमान थे। शंकुलधारा पोखरे पर मां की आरती उतारकर विसर्जन किया। शोभायात्रा में आशीष कुमार, पूनम मौर्या, शेखर जोशी, राकेश सिंह, रितेश केसरी, सरवन मौर्य, राजू सिंह आदि रहे।
महाकुंभ में पुण्य की डुबकी लगाने रवाना हुए 45 बौद्ध भिक्षु
महाकुंभ में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए 45 बौद्ध भिक्षुओं का दल मंगलवार को प्रयागराज के लिए रवाना हो गया। सारनाथ स्थित तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान के भिक्षुओं के दल को कुलपति प्रो. प्रो. वंगछुग दोर्जे नेगी ने रवाना किया। उन्होंने कहा कि तन की शुद्धता के साथ ही चित्त की शुद्धता जरूरी है।
महाकुंभ देश की अति प्राचीन परंपरा है। इसमें मन की शुद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। संस्था के 45 बौद्ध भिक्षु छात्र कल्याण समिति के उपाध्यक्ष जेनी नरबू व कोशा अध्यक्ष पोरचो की अध्यक्षता में चार दिवसीय महाकुंभ प्रवास के लिए निकले हैं।
महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें आज से शुरू
गोरखपुर-झूंसी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन का संचालन बुधवार से शुरू हो रहा है। रानी कमलापति-गाजीपुर सिटी महाकुंभ स्पेशल ट्रेन रानी कमलापति से 5 व 8 फरवरी को और गाजीपुर सिटी से 6 व 9 फरवरी को चलेगी। यह ट्रेनें सिटी, बनारस और कैंट होकर चलेंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस महाकुंभ स्पेशल ट्रेन एलटीटी से 5 व 8 फरवरी को और बनारस से 6 व 9 फरवरी को चलेगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस महाकुंभ स्पेशल लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रात 12.5 बजे खुलेगी और दूसरे दिन सुबह 6.45 बजे पहुंची। बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुबह 10 बजे बनारस स्टेशन से खुलेगी और दूसरे दिन शाम 4.40 बजे एलटीटी पहुंचेगी।
मनोज बेरी का हृदयाघात से निधन
हिंदी प्रचारक प्रकाशन संस्थान ज्ञानवापी के संस्थापक ओमप्रकाश बेरी के कनिष्ठ पुत्र मनोज बेरी का हृदयाघात से निधन हो गया। वे 65 वर्ष के थे। वह पुस्तक प्रकाशन व्यवसाय में संलग्न रहते हुए सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को मणिकर्णिका घाट पर होगा। उनके निधन की खबर से पुस्तक प्रकाशन जगत में शोक व्याप्त हो गया।
पैथोज ग्रुप के हाउसिंग प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू
पैथोज ग्रुप ऑफ रियल एस्टेट के रोहनिया, बलिरामपुर स्थित हाउसिंग प्रोजेक्ट पर सोमवार को वसंत पंचमी पर निर्माण कार्य शुरू हो गया। ग्रुप के सीएमडी आशुतोष कुमार प्रभाकर ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। प्रोजेक्ट में 1 बीएचके, 2 बीएचके और 3 बीएचके के कुल 96 अत्याधुनिक फ्लैट्स तैयार किए जाएंगे। यहां सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
प्रोजेक्ट शहर के प्रमुख स्थानों के नजदीक है। इस अवसर पर ओनर सतीश कुमार, रजनीश कुमार, सुनील कुमार, कंपनी के विधि सलाहकार सत्य प्रकाश पाराशर, वास्तुविद एआर अमन कुमार, शाखा प्रबंधक जयंत कुमार आदि उपस्थित रहे।
राजबंधु स्वीट्स पर 100 से अधिक मिठाइयों की रेंज पेश
श्री राजबंधु स्वीट्स पर महाकुंभ से लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिए देसी घी से निर्मित 100 से अधिक मिठाइयों, नमकीन और स्नैक्स की रेंज उपलब्ध है। यहां केसरिया गर्म दूध, मक्खन-केसरिया मलाई, चूड़ा मटर, समोसा, कटलेट, पालक समोसा आदि लोगों को काफी पसंद आ रहा है। राजबंधु स्वीट्स पर मिठाई परोस कर आगंतुकों का स्वागत किया जा रहा है।
मोहनसराय में चार दिवसीय किसान महाकुंभ 22 फरवरी से
किसानों की ओर से 22 फरवरी को मोहनसराय गंगापुर मोड़ पर किसान महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। यह फैसला मंगलवार को राजातालाब में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। किसान महाकुंभ को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति, संचालन समिति, प्रचार प्रसार समिति, मार्गदर्शक मंडल और संरक्षक मंडल का गठन हुआ।
संयोजक किसान नेता विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि कृषि कार्य पूर्णतया ऋषि कार्य है। धरती के पालनहार अगहन के ठंड, जेठ की तपती धूप और भादो की बारिश में कठिन तपस्या करते हैं तब मंदिर में भगवान को भोग लगता है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष अविनाश काकड़े ने कहा कि किसान महाकुंभ का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ के असली अर्थ को बतलाना है। इस दौरान विजय नारायण वर्मा, अमलेश पटेल, उदय प्रताप पटेल, गगन प्रकाश यादव, सतीश पटेल आदि शामिल थे।
श्रद्धालुओं की व्यापारियों ने की सेवा, कराया जलपान
महाकुंभ के श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार को विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने जलपान का आयोजन किया। काशी व्यापार प्रतिनिधि मंडल व काशी महिला व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने कबीर रोड स्थित पिपलानी कटरा तिराहे में सेवा शिविर लगाया। श्रद्धालुओं को जलपान और भोजन कराया। शिविर में अध्यक्ष राकेश जैन, महिला अध्यक्ष शालिनी गोस्वामी, राजकुमार शर्मा, रश्मि साहू, रविशंकर सिंह, अनिल केशरी, तिलकराज कपूर आदि रहे।
उधर, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ की ओर से चौक के नीचीबाग में श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सेठ, महामंत्री शैलेश वर्मा, अमित सोनी (मंटू), अनूप जायसवाल, पवन मालवीय, सुरेंद्र वर्मा आदि रहे।
जगतगंज में वाराणसी जनरल मर्चेंट व्यापार मंडल की ओर से श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। इस दौरान महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, अशोक जायसवाल, रजनीश कन्नौजिया, अजय सिंह, सुनील केडिया आदि रहे।
घर बैठे वाहन की फिटनेस कराएं, नहीं लगाना होगा कार्यालय का चक्कर
कमर्शियल वाहनों की फिटनेस के लिए संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय का चक्कर नहीं काटना होगा। एप के जरिये घर बैठे वाहनों के कागजी कार्रवाई और फिटनेस करा सकेंगे। सिर्फ वाहन के साथ परिवहन कार्यालय में जाना पड़ेगा। निर्धारित 200 रुपये शुल्क देकर फिटनेस सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।
परिवहन अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। हर साल वाहनों का फिटनेस जरूरी होता है। इसमें चाहे चार या तीन पहिया व छोटे कमर्शियल वाहन हो। छोटे कमर्शियल वाहनों का आवेदन शुल्क 400 रुपये और बड़े कमर्शियल वाहनों का आवेदन शुल्क 600 रुपये निर्धारित है। अपने सभी वाहन के दस्तावेज वाहन एप पर डालकर आवेदन करना होगा।
आवेदन से प्राप्त फार्म व वाहन लेकर आरटीओ कार्यालय पहुंचकर 200 रुपये शुल्क देकर फिटनेस करा सकते हैं। आरटीओ प्रशासन शिखर ओझा ने बताया कि वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है।
इलेक्ट्रॉनिक कांटा चेक करने के नाम पर 10,000 की ठगी
बाटमाप विभाग का अधिकारी बनकर मंगलवार को मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के दो गांवों के दुकानदारों के इलेक्ट्राॅनिक कांटा चेक करने के नाम पर करीब 10 हजार की ठगी की गई।
ठटरा गांव के सुशील कुमार एवं पुरे गांव के विजय पटेल के दुकान पर बाइक पर सवार दो व्यक्ति बाट माप अधिकारी बताते हुए इलेक्ट्रॉनिक कांटा चेक करने की धमकी देने लगे। इसके बाद सुशील कुमार से 7700 रुपये एवं विजय पटेल से 1850 रुपये लेकर चले गए। बाटमाप विभाग के उप नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि कोई भी बाटमाप का अधिकारी बताकर जांच करता है तो उसकी आईडी देखकर ही जांच करवाएं।
यूनिटी मॉल के लिए कज्जाकपुरा में अवैध दीवार ध्वस्त कराई
आदमपुर जोन में बनने वाले यूनिटी मॉल के लिए मंगलवार को कज्जाकपुरा में दीवार को ढहाया गया। यहां पर सफाई कर्मियों ने अवैध तरीके से निर्माण कराया था। इन्हें नोटिस देने के बाद कार्रवाई की गई। नगर निगम के अनुसार कज्जाकपुरा में ईपीसी मोड के तहत यूनिटी मॉल का निर्माण प्रस्तावित है।
इसके निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल पर से अवैध रूप से निर्मित झुग्गी-झोपड़ी को हटाया जाना था। नगर निगम वाराणसी की ओर से चार बार नोटिस जारी किया गया था। सभी लोगों ने सामान हटा लिए थे। दीवार को ध्वस्त कर मलबा हटाया जा रहा है।
रजिस्ट्री की जांच के बाद मिलेगा कब्जा प्रमाण पत्र
रजिस्ट्री की जांच के बाद ही संपत्ति का कब्जा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। तमाम योजनाओं में होने वाली रजिस्ट्री की जांच के बाद ही कब्जा प्रमाण पत्र देने का निर्देश शासन स्तर से किया गया है। इस पर सभी विभागों को हिदायत दी गई है।
वीडीए की संपत्तियों को लेने वालों को भी पूरे दस्तावेज लगाने होंगे। केवल दस प्रतिशत धनराशि जमा करके लोग संपत्तियों पर कब्जा लेने जाते हैं। बाद में बाकी धनराशि के लिए बार बार पत्राचार करना पड़ता है। तय किया गया कि रजिस्ट्री की जांच के बाद ही कब्जा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
बिजली कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर मंगलवार को बिजली कर्मचारियों ने बिजली के निजीकरण के विरोममें प्रदर्शन किया। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि संविदा का कांट्रेक्ट समाप्त होने पर हर जगह 20 प्रतिशत छंटनी करने का आदेश है। इस तरह एक साल में ही संविदा कर्मियों की संख्या 40 प्रतिशत तक घटा दी जाएगी।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि कर्मचारियों के बीच भय का वातावरण बनाकर निजीकरण करने की योजना कामयाब नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान अविनाश कुमार, एसके सिंह, मायाशंकर तिवारी, राजेंद्र सिंह, विजय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
500 छात्राओं की डॉक्टरों ने जांची सेहत
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पांच दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में विभिन्न कक्षाओं की 500 छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच हुई। प्रधानाचार्य निशा यादव ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ डाॅ. पीके मिश्रा जी ने नेत्र परीक्षण कर बच्चों को चश्मा और आई ड्रॉप दिया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से छात्राओं को अच्छी सेहत की जानकारी मिलती है। सीएचसी चौकाघाट की अधीक्षक डॉ. फाल्गुनी ने कहा कि छात्राओं को अच्छी सेहत के लिए अपनी दिनचर्या में पौष्टिक आहार और योग को शामिल करना चाहिए।
अमरनाथ ने कांग्रेस एस की ली सदस्यता
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव अमरनाथ यादव ने समता समाजवादी कांग्रेस पार्टी (कांग्रेस- एस) की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा.अरविंद गांधी एडवोकेट से मुलाकात कर 24 साथियों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। वे इससे पूर्व में भी पार्टी में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
वीडीए ने अवैध प्लॉटिंग पर दिया नोटिस
वीडीए के अपर सचिव डॉ गुडाकेश शर्मा ने सारनाथ वार्ड का निरीक्षण किया। अपर सचिव के मुताबिक सारंगनाथ मंदिर के पास बरईपुर में बिना ले-आउट पास कराए 1200 वर्ग मीटर में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इस पर प्लॉटिंग कराने वाले विरेंद्र बहादुर सिंह को नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
1.31 करोड़ के 11 कार्यों का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को वार्ड संख्या 07 लोको छित्तूपुर में 1.31 करोड़ के 11 कार्यों का शिलान्यास किया। अब तक यहां 2.83 लाख के कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें से 65 लाख के कार्य हो चुके हैं। शैलेंद्र के मकान से मोहन पटेल के मकान तक 4.16 लाख से कार्य होंगे। हौसला मिश्रा के मकान से आका सरोज तक इंटरलॉकिग 9.22 लाख से होगी।
पारसनाथ के मकान से धमेंद्र के मकान तक और शिवपूजन यादव तक इंटरलॉकिंग 17.29 लाख से होगी। गणेश सिंह के मकान से अरुण बरनवाल के मकान तक 7.78 लाख से गली में इंटररलॉकिंग होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद विवेक कुशवाहा, अजय बिंद, राजेश कुशवाहा, अभिषेक वर्मा आदि शामिल रहे।
लोहार ट्रेड के लाभार्थियों को टूल किट
जिला उद्योग प्रोत्साहन की ओर से मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत लोहार ट्रेड के लाभार्थियों को टूल किट वितरित किया।
गोदौलिया रोपवे स्टेशन का लेआउट तय, टूटी दुकानों को प्राथमिकता
गोदौलिया पर रोपवे स्टेशन का लेआउट फाइनल हो गया है। इसी सप्ताह में कमिश्नर कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में बैठक होगी। जमीन अधिग्रहण में जिनकी दुकानें टूटी हैं, उन्हें यहां प्राथमिकता में दुकानें दी जाएंगी। सड़क के एक तरफ उतरने की व्यवस्था रहेगी और दूसरी ओर से यात्री रोपवे स्टेशन में प्रवेश करेंगे।
महाशिवरात्रि के बाद स्टेशन का निर्माण शुरू होने की संभावना है। कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने बताया कि लेआउट फाइनल हो गया है। सड़क के दोनों ओर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। ऐसे में यात्री एक तरफ से उतर सकेंगे और दूसरी ओर से चढ़ सकेंगे। ऊपर ही दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।
दुकानों की संख्या अभी तक तय नहीं है, लेकिन जितनी भी दुकानें बनेंगी, उसमें पहले उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी दुकानें अधिग्रहण में टूटी है। फर्स्ट फ्लोर पर ही टिकट काउंटर बनाया जाएगा। स्टेशन का शिखर मंदिर जैसा ही होगा। बाहरी दीवारों पर चुनार के पत्थरों का इस्तेमाल किया जाएगा। महाकुंभ के पलट प्रवाह के चलते कुछ दिनों के लिए काम रोका गया है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
आज पांच घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
सड़क चौड़ीकरण और लाइन शिफ्टिंग की वजह से बुधवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 33/11 केवी उदयपुर, पांडेयपुर, दौलतपुर उपकेंद्र में पेड़ों की कटाई के लिए सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, कैथी में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली नहीं रहेगी। इसके साथ ही 33/11 केवी डीपीएच, कंदवा, करौंदी उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
डीएम के सीज ट्रेजरी कोड पर आज सुनवाई
डीएम का ट्रेजरी कोड-2029 सीज कर दिया गया है। इससे तहसील राजातालाब, सदर, और पिंडरा के 800 कर्मचारियों के वेतन पर रोक लग गई है। यह फैसला भूमि अर्जन प्राधिकरण के जज ने लगाई है। इसकी वजह बरेका में भूमि अधिग्रहण के दौरान काश्तकार को उचित मुआवजा नहीं मिलना था। अधिवक्ता शलभ कुमार ने बताया कि मामले में बुधवार को सुनवाई होगी।
26 फरवरी तक अलर्ट मोड पर रहे प्रशासन
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने 26 फरवरी तक प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी तक श्रद्धालु आएंगे। इसलिए ये जरूरी है कि प्रशासन अलर्ट मोड पर रहे। किसी भी स्तर पर ढिलाई न होने पाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शहर में सफाई के साथ शेल्टर हाउस की व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहे।
आईजीआरएस में वाराणसी मंडल प्रथम
आईजीआरएस में उत्तर प्रदेश में वाराणसी मंडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता में है। बताया कि ऑनलाइन पोर्टल पर सतत मॉनीटरिंग कर यह सुनिश्चित किया गया कि मंडलायुक्त पोर्टल पर रोज सुबह 11 बजे तक और शाम 6 बजे लंबित प्रकरणों की संख्या शून्य हो।
सामूहिक दुष्कर्म मामले में सुनवाई 10 को
आईआईटी-बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई मंगलवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) की अदालत में नहीं हो सकी। सिपाही मुकेश यादव को गवाही के लिए अदालत में पेश होना था, मगर अवकाश पर होने के कारण वह नहीं आ सका। इसके चलते अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि 10 फरवरी नियत कर दी है।
होटल रमाडा के जीएम के खिलाफ फौजदारी अपील मंजूर
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रजत वर्मा की अदालत ने पूर्व सांसद जवाहर जायसवाल के पुत्र होटल रमाडा के जनरल मैनेजर गौरव जायसवाल के विरुद्ध राज्य की तरफ से दाखिल फौजदारी अपील मंजूर कर ली।
अदालत ने सुनवाई करते हुए विचारण न्यायालय के निर्णय 22 मार्च 2022 को निरस्त कर दिया। 8 फरवरी 2008 के फाॅरेन एक्ट के मामले में तत्कालीन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अभियोजन के साक्ष्य का अवसर समाप्त करते हुए 22 मार्च 2022 को गौरव जायसवाल को दोषमुक्त किए जाने का आदेश पारित किया था। इसके विरुद्ध राज्य की ओर से अपील की गई थी। मामले में अभियोजन की तरफ से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता प्रथमेश पांडेय द्वारा पैरवी की गई।
डाफी में व्यापारी को पीटने का आरोपी सिपाही निलंबित
डाफी में हाईवे पर बैरियर के पास व्यापारी की कार का साइड मिरर छूने पर उनके साथ मारपीट करने के आरोपी लंका थाने के सिपाही विमल कुमार को डीसीपी काशी जोन ने निलंबित कर दिया।
भीटी, रामनगर निवासी व्यापारी रविशंकर वर्मा ने बताया कि वह सोमवार की दोपहर कार से पत्नी, बहन, तीन साल की बेटी और तीन माह के बेटे के साथ बीएचयू के सीर गेट की ओर जा रहे थे। रास्ते में डाफी में हाईवे पर कार का बाएं साइड का मिरर बैरियर के पास खड़े लंका थाने के सिपाही विमल कुमार को छू गया। सिपाही विमल कुमार गालीगलौज करते हुए उनकी कार का शीशा पीटने लगा। उन्होंने कार रोकी तो सिपाही विमल कुमार उनका कॉलर पकड़ कर नीचे खींच लिया।
बनारस-गोरखपुर की ट्रेनें बहाल, आज से चलेंगी
अपरिहार्य कारणों के चलते निरस्त वाराणसी सिटी-गोरखपुर और बनारस-गोरखपुर ट्रेन बहाल कर दी गई है। पांच फरवरी को वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस वाराणसी सिटी से और गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस गोरखपुर कैंट से अपने पूर्व निर्धारित समय व ठहराव के साथ चलेगी।
बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस बनारस से और गोरखपुर-बनारस एक्सप्रेस गोरखपुर से अपने पूर्व निर्धारित समय एवं ठहराव के साथ चलेगी। वहीं, गाजीपुर सिटी से चलने वाली गाजीपुर सिटी-प्रयागराज संगम मेमू प्रयाग स्टेशन में सुबह 9.35 बजे यात्रा समाप्त करेगी।
विद्यापीठ में दो दिन होगी हैंडलूम की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय की ओर से बीएससी टेक्सटाइल एंड हैंडलूम की सेमेस्टर परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा छह फरवरी और पंाचवें सेमेस्टर की 7 फरवरी को होगी। वेबसाइट पर इसकी समय-सारिणी अपलोड कर दी गई है। हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में एमए हिंदी तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक होगी।
राजनीति विज्ञान में कल से होगी मिड टर्म परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक, स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों की मिड टर्म परीक्षा छह फरवरी से शुरू होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. मो. आरिफ ने बताया कि पहले दिन छह को स्नातकोत्तर और 7-8 फरवरी को स्नातक तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षा करवाई जाएगी। सुबह 10 बजे से छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है। दोबारा परीक्षा का मौका नहीं दिया जाएगा।
डीएवीपीजी कॉलेज में 41 छात्रों को दिए टैबलेट
डीएवीपीजी कॉलेज में स्नातकोत्तर के 41 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। कार्यकारी प्राचार्य प्रो. मिश्रीलाल और उपाचार्य प्रो. राहुल ने मनोबल बढ़ाया। प्रो. मिश्रीलाल ने कहा कि हम सभी डिजिटल युग में हैं, इस बदलाव में सभी को सहभागी बनकर बेहतर जीवन बनाना होगा। महाविद्यालय के मंत्री/प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार तैयार हो रहे टेक्नोक्रेट्स
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रोफेसर अमित पात्रा ने कहा कि छात्रों की प्रतिभा से बड़ी कंपनियां आकर्षित हुई हैं। शैक्षणिक और शोध का वातावरण भी कंपनियों को पसंद आ रहा है। इंडस्ट्री की जरूरत के अनुसार ही टेक्नोक्रेट्स तैयार किए जा रहे हैं।
इस कारण नेशनल और मल्टीनेशनल कंपनियां अच्छा जॉब और इंटर्नशिप का ऑफर दे रही हैं। छात्रों का औसत पैकेज भी बढ़ रहा है। जल्द ही प्लेमसेंट में और उपलब्धियां मिल सकती हैं। प्लेसमेंट सेल के कोआर्डिनेटर प्रो. सुशांत श्रीवास्तव ने बताया कि 2012 में आईआईटी बनने के बाद अब तक सबसे बड़ा वेतन पैकेज मिला है। प्लेसमेंट की प्रक्रिया अभी चल रही है। आगे कई और ऑफर्स मिलेंगे। प्लेसमेंट में आईटी, कंसल्टिंग, वित्त और कोर इंजीनियरिंग सेक्टर की कंपनियों की भागीदारी सबसे ज्यादा है।
पीजी प्रोग्राम: बायोटेक्नोलॉजी में दाखिले की परीक्षा 20 अप्रैल को
डिपार्टमेंट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी से संबद्ध उच्च शिक्षण संस्थानों में पीजी प्रोग्राम इन बायोटेक्नोलॉजी में दाखिले के लिए ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट बायोटेक्नोलॉजी (जीएटी-बी) 2025 की परीक्षा 20 अप्रैल को होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जीएटी-बी 2025 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है।
परीक्षा में शामिल होने के लिए 3 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। कुल तीन घंटे की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में 180 प्रश्नों को हल करना होगा। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रहेगा। एनटीए के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट -बाॅयोटेक्नोलॉजी (जीएटी-बी) 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की विंडो ओपन हो गई। इच्छुक उम्मीदवार 3 मार्च शाम पांच तक आवेदन और रात 11.50 मिनट तक फीस जमा कर सकते हैं।