फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : सपा ने जिले में PDA को किया जागरूक, तिरंगा यात्रा में चले ईंट-पत्थर

Tue, 28 Jan 2025 04:01 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी के आठों विधानसभाओं में सपा ने पीडीएम समाज के लोगों को उनके अधिकार के बारे में जानकारी दी। वहीं, तिरंगा यात्रा के दाैरान 20 की संख्या में लड़कों ने पत्थरबाजी की। दोनों पक्षों के पास जुलूस निकालने की अनुमति नहीं थी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सपा की ओर से आठों विधानसभाओं में सोमवार को पीडीए पर चर्चा शुरू की गई। इस दौरान पीडीए समाज के लोगों को उनके अधिकार के बारे में बताया और पंफलेट बांटे। ईश्वरगंगी और इमाम चौक नरिया में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने पीडीए को जागरूक किया।

विज्ञापन


इस अवसर पर किशन दीक्षित ने कहा कि समाज को जागरूक होना जरूरी है। इस मौके पर रितेश, योगेंद्र यादव, राजू यादव, प्रदीप जायसवाल, दिलशाद अहमद, अनिल साहू आदि शामिल रहे। उधर पिंडरा के दादूपुर सेक्टर के तिलवार ग्रामसभा में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने आंबेडकर के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दिलाया। 

शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर सेक्टर में राधाकृष्ण उर्फ संजय यादव, सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के गुरदासपुर सेक्टर में पाखंडी बिंद की मौजूदगी में पीडीए पर चर्चा हुई। अजगरा विधानसभा क्षेत्र के भौमी सेक्टर के ग्राम सभा बेलवरिया में बाबूलाल यादव ने विचार रखे।

विज्ञापन

पेट्रोल के लिए जाते समय बोलेरो ने बाइक में मारी टक्कर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव स्थित डोमैला मोड़ के पास रविवार की दोपहर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गए। घायल ने चार पहिया सवारों पर 50 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया। 

चित्रसेनपुर गांव निवासी संतोष पटेल ने बताया कि वह बाइक में पेट्रोल लेने के लिए छतेरी गांव के पास पेट्रोल पंप जा रहा था। इस दौरान पीछे से बोलेरो ने टक्कर मार दी। वाहन सवारों ने उपचार कराने की बात कहकर अपनी गाड़ी में बैठाया और बाबतपुर नहर के पास उतार दिया। परिजनों ने बड़ागांव स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया। मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है। 

दो माह पूर्व 141 सिलिंडर चोरी के आरोप में चार गिरफ्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के डोमैला से एक दिसंबर की गैस एजेंसी के गोदाम 141 गैस सिलिंडर चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को खजुरी क्षेत्र से रविवार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी के 20 सिलिंडर बरामद हुए। 

एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार निवासी चक हिनौता, झूंसी और हरिहरपुर हंडिया निवासी सुनील भारतीय व प्रियांशु भारतीय और नासिर पट्टी, सराय ममरेज प्रयागराज का रहने वाला राहुल उर्फ बड़े भारतीय है। सिलिंडर चोरी के अलावा 24 जनवरी की रात चक्रपानपुर स्थित देसी शराब ठेके से चोरी की घटना को भी इन्हीं आरोपियों ने अंजाम दिया था।

कार सवार को मनबढ़ों ने पीटा
चोलापुर थाना क्षेत्र के परानापट्टी निवासी विनोद यादव की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात के खिलाफ पिटाई का मुकदमा दर्ज किया है। विनोद ने बताया कि वह 23 जनवरी को अपने घर से चिकित्सालय की तरफ जा रहे थे। इस दौरान मोहाव चौराहे के समीप तीन बाइक सवार आधा दर्जन मनबढ़ों ने उन्हें ओवरटेक का रोक लिया तथा उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

तिरंगा यात्रा में चले ईंट-पत्थर
गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के समापन पर रविवार को कबीरनगर स्थित संजय शिक्षा निकेतन के पास दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर ईंट-पत्थर चले। पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ आरोपियों को हिरासत में लिया। 

भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्र ने बताया कि संजय सिंह व आयुष राय रामनगर से तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। दोनों पक्ष जुलूस लेकर कबीर नगर स्थित संजय शिक्षा निकेतन तक पहुंचे और पुरानी दुश्मनी के कारण भिड़ गए। 20 की संख्या में लड़कों ने पत्थरबाजी की। दोनों पक्षों के पास जुलूस निकालने की अनुमति नहीं थी। 

पिस्टल से जीजा को आतंकित करने का आरोपी गिरफ्तार
दंपती विवाद में जीजा की पिटाई और पिस्टल से आतंकित मामले में आरोपी साले को पुलिस ने रविवार को स्थानीय बाजार से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर का अवैध पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजमगढ़ के जहानाबाद स्थित चकिया निवासी नीरज के रूप में हुई है।

पांच के खिलाफ मारपीट के धाराओं में मुकदमा दर्ज
कपसेठी थाना क्षेत्र के हरिभानपुर गांव में बच्चों के बीच बचाव करने गई महिला की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे सेवापुरी के राजकीय अस्पताल से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उमेश राजभर, दिनेश, दशमी सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

घर जा रहे युवक को मारपीट कर किया घायल
आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में रहने वाले राहुल बिंद ने मारपीट और धमकी देने के मामले में अजित यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राहुल के मुताबिक 26 जनवरी की रात वह घर जा रहा था। तभी रास्ते में अजित यादव ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

मौनी अमावस्या पर चलेंगी 47 कुंभ स्पेशल ट्रेनें
मौनी अमावस्या को देखते हुए मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल से 47 कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। बनारस स्टेशन से सुबह 8 बजे ट्रेन संख्या 05109 बनारस-झूंसी मेला, दोपहर 12.30 बजे 05105 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला स्पेशल, शाम 4.45 बजे 05111 बनारस-झूंसी मेला स्पेशल, रात 8.30 बजे 05107 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला स्पेशल जाएगी। 

इसके साथ ही बनारस स्टेशन से सुबह 4.25 बजे 04114 बनारस-प्रयागराज रामबाग मेला स्पेशल रिंग रेल चलाई जाएगी। इसके अलावा हर आधे घंटे पर बनारस, सिटी और कैंट स्टेशन से स्पेशल और नियमित ट्रेनें प्रयागराज महाकुंभ की ओर जाती रहेंगी।

आईसा के 23 सदस्यीय परिषद का गठन
बीएचयू में ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) के 23 सदस्यीय परिषद का गठन किया गया। अध्यक्ष समेत सात पदाधिकारी भी बनाए गए। पॉलिटिकल साइंस के रिसर्चर राजेश कुमार को अध्यक्ष बनाया गया। मिहिर को सचिव, दिलखुश और प्रिया को उपाध्यक्ष, वहीं अनिरुद्ध, सूरज और प्रियंका को सह सचिव चुना गया। 

संचालक रोशन पांडेय ने कहा कि सम्मेलन में कैंपस को लोकतांत्रिक बनाने, रोहित एक्ट लागू करने, जीएस कैश बहाल करने, छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने, शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने और नई शिक्षा नीति 2020 को वापस लेने आदि का प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान असीम मुखर्जी, प्रसेनजीत,. प्रियंका सोनकर, कुसुम वर्मा मौजूद रहीं।

आईएमए में डॉक्टरों ने लिया मरीजों की सेवा का संकल्प
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन वाराणसी शाखा परिसर में पदाधिकारियों ने तिरंगा फहराकर गुब्बारा छोड़ा। राष्ट्रगान के बाद डॉक्टरों ने मरीजों की सेवा के लिए समर्पित भाव से लगे रहने का संकल्प लिया। 

अध्यक्ष डाॅ.एसपी सिंह, मानद सचिव डॉ. अरुण कुमार ने मरीजों की बेहतर सेवा के उद्देश्य से आईएमए में सुविधाओं का विस्तार करने के साथ ही चिकित्सकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए सदस्यों को प्रेरित किया। इस दौरान भारतीय बाल अकादमी की ओर आयोजित रक्तदान शिविर में जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया गया। 

साथ ही आर्गन डोनेशन हेतु सभी सदस्यों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल अकादमी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीएम गुप्ता ने किया। इस दौरान अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. अनुराग टंडन, वित्त सचिव शैलेंद्र कुमार सिंह,डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ.सीकेपी सिन्हा आदि लोग मौजूद रहे।

नगर निगम और वीडीए में हुआ ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर निगम में मेयर अशोक कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान नगर आयुक्त अक्षत वर्मा सहित सभी अधिकारी मौजूद रहे। उधर वीडीए में आयोजित समारोह में वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों को याद करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक सेवाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।

काशी विद्यापीठ के कॉलेजों में एक फरवरी से होगी परीक्षाएं
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध पांच जिलों के कालेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं की तिथि तय कर दी गई है। एक फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलने वाली परीक्षा में करीब दो लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय की ओर से समय-सारिणी जारी करने के साथ ही जिलेवार बनाए गए नोडल केंद्रों पर कॉपियां भिजवाने सहित अन्य कागजात भिजवाए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब संकायों, विभागों में कक्षाएं भी शुरू हो गई है। नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों में चलने वाले कोर्स बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा का पूरा कार्यक्रम तय हो चुका है। वाराणसी के साथ ही भदोही, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर में इसके लिए 200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि सुबह 10 बजे से 12 बजे तक करवाई जाने वाली परीक्षा के लिए केंद्राध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। सभी केंद्रों पर कॉपियां सहित परीक्षा संबंधी अनय अभिलेख भी भिजवाए जा रहे हैं। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से समय-सारिणी के बारे में जानकारी ले सकते हैं।

वीर सावरकर के नाम पर होगा संस्कृत विवि का संग्रहालय
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बने पुरातात्विक संग्रहालय को अब वीर सावरकर के नाम से जाना जाएगा। यहां वीर सावरकर वीथिका भी बनवाई जाएगी। वीथिका में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले नायकों की गौरव गाथा से जुड़े अभिलेख और दुर्लभ चित्रों को रखा जाएगा। 

विश्वविद्यालय में सेल्युलर जेल पर आयोजित दो दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी के समापन समारोह में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने ध्वज फहराने के बाद इसकी घोषणा की।

प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि छायाचित्र ही इतिहास के साक्ष्य हैं और इससे महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की कहानी के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। इस दौरान पुरातत्व संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. विमल कुमार त्रिपाठी, प्रो. जितेंद्र शाही, डॉ. कैलाश सिंह, प्रो. राजनाथ, प्रो. रामपूजन त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे। 

गायन और सितार वादन की अनूठी जुगलबंदी ने किया मुग्ध
प्रख्यात शास्त्रीय व उपशास्त्रीय गायक पं. देवाशीष डे की 60वीं वर्षगांठ और हरि नारायण सारदा के जन्मदिन पर शिल्पायन की ओर से रविवार को हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय दुर्गाकुंड में संगीत संध्या का आयोजन किया गया। संगीत संध्या में नवांकुरों के साथ सधे कलाकारों ने सुर-साज से गुरु बंदगी की।

शिल्पायन के प्रशिक्षुओं ने सामूहिक गायन से विभोर किया। सरस्वती वंदना के बाद राग खमाज में बंदिशें पेश कीं। बाल-गीत, देशभक्ति गीत, राग बसंत-बहार में भिन्न प्रस्तुतियों से मुग्ध कर दिया। इसके बाद गार्गी सारडा ने मीराबाई और तुलसीदास रचित भजन सुनाया।

इसके बाद पं. देवाशीष डे के गायन और प्रसिद्ध सितार वादक प्रो. राजेश शाह की अनूठी जुगलबंदी ने हर किसी को मुग्ध कर दिया। समापन राग मिश्र भैरवी में दादरा- चला रे परदेसिया... से किया। संचालन डॉ. रागिनी सरना ने किया। इस मौके पर प्रो. संगीता पंडित, पं. राहुल भट्ट, डॉ. सतीश कुमार आदि रहे।

प्रदर्शनी में छलका सेलुलर जेल की यातनाओं का दर्द
सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में अंडमान स्थित सेलुलर जेल पर आयोजित दो दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का समापन रविवार को हुआ। सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में लगे छायाचित्रों के जरिये जेल में कैदियों को दी जानी वाली यातनाओं के दृश्य प्रदर्शित किए गए थे। 

इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि कुलसचिव राकेश कुमार, कोहिनूर मिसेज इंडिया रीना सिंह, प्रो. जितेंद्र शाही, प्रो. राजनाथ डॉ. विमल कुमार त्रिपाठी, डॉ. कैलाश सिंह विकास, छायाकार राजकुमार प्रसून ने समापन पर ध्वज फहराया। प्रदर्शनी विश्वविद्यालय के सामाजिक विज्ञान विभाग पुरातत्व संग्रहालय और इंडियन एसोसिएशन ऑफ जनर्लिस्ट (आईएजे) की ओर से आयोजित की गई थी।

मैराथन में वाराणसी के राहुल सबसे तेज दौड़े
जौनपुर के ग्राम पंचायत भानपुर में सोमवार को मैराथन दौड़ हुई। इसमें वाराणसी, अंबेडकर नगर, भदोही, प्रतापगढ़, जौनपुर समेत कई जनपद के 78 धावकों ने भाग लिया।दौड़ भानपुर बैंक तिराहा रोड से शुरू होकर राईपुर, फिफिऔना, पटैला, पाल्हनपुर, घोरहा, होते हुए पुनः भानपुर पहुंचकर समाप्त किया गया। 

मैराथन में वाराणसी के सारनाथ निवासी राहुल पाल प्रथम, अंबेडकर नगर जनपद निवासी विशाल शर्मा दूसरे तथा तीसरे स्थान पर भदोही जनपद के कल्लीपुर गांव निवासी निलेश यादव रहे। विजेता धावकों को आयोजक विकास सिंह ने शील्ड व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दौड़ में पंद्रहवें स्थान तक प्राप्त करने वाले 12 अन्य युवकों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

गुमटी बाजार का आरपीएफ गार्ड रूम पिंक बूथ बनेगा
बरेका प्रशासन ने गुमटी मार्केट के प्रवेश द्वार स्थित आरपीएफ गार्ड बूथ से अवैध कब्जा हटवाया। प्रशासन के अनुसार इस पर व्यापारियों ने अवैध कब्जा किया था। इससे बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और अनुशासन बना रहेगा। इस गार्ड रूम को पिंक बूथ के रूप में विकसित किया जाएगा।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि बरेका प्रशासन को बीएलडब्ल्यू चौकी इंचार्ज की ओर से पिंक बूथ बनाए जाने का पत्र प्राप्त हुआ था। इस गार्ड बूथ को पिंक बूथ के रूप में विकसित किया जाएगा। पिंक बूथ में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। 

इसके साथ ही इस बूथ में रेल सुरक्षा बल के जवान समय-समय पर ड्यूटी भी निभाएंगे। बरेका प्रशासन के संज्ञान में आया है, कि स्थानीय व्यापार मंडल पर विक्रेताओं से अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। इन आरोपों को बरेका प्रशासन ने गंभीरता लिया है। उधर, वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासनिक भवन में उच्चाधिकारियों से मुलाकात की।

ज्ञान की गौरवशाली परंपरा से युवाओं को जोड़ना होगा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित मल्टी डिसिप्लीनरी रिफ्रेशर कोर्स में युवाओं को गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया गया। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि देश में ज्ञान की एक गौरवशाली परंपरा रही है।

भारतीय ज्ञान प्रणाली के विविध आयामों पर केंद्रित इस तरह के कार्यक्रम शिक्षकों के लिए उपयोगी है। अंतर विश्वविद्यालय शिक्षक शिक्षा केंद्र बीएचयू के निदेशक प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने ज्ञान प्रणाली को पुनः स्थापित करने पर बल दिया। प्रो. मीनाक्षी बिस्वाल ने भारतीय ज्ञान प्रणाली के बारे में बताया। संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. दिनेश कुमार ने किया। 

काशी विद्यापीठ में आज ऑनलाइन क्लास चलेगी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 28 जनवरी को कक्षाएं केवल ऑनलाइन मोड में ही चलाई जाएंगी। महाकुंभ से पलट प्रवाह के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर आवागमन में असुविधा को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया है। कुलसचिव कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही 30 जनवरी को विश्वविद्यालय में अवकाश रहेगा। इसके अलावा दो फरवरी की जगह अब तीन फरवरी को वसंत पंचमी का अवकाश रहेगा। 

मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध, मंडियों में आवक ठप
महाकुंभ पलट प्रवाह के बीच बाहरी गाड़ियों की शहर में एंट्री प्रतिबंधित किए जाने से मंडियों में माल की आवक ठप हो गई है। मालवाहक वाहन के जरिये खाद्यान्न, फल, अनाज, दवा आदि की आपूर्ति बाधित हो रही है। मंडियों में माल की आवक नहीं होने के कारण खाने पीने की वस्तुओं की किल्लत की स्थिति बन रही है। 

विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल की सोमवार को हुई बैठक में व्यापारियों ने इस पर चिंता जताई। अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने कहा कि पलट प्रवाह की वजह से यातायात व्यवस्था बेपटरी है। बैठक में अलखनाथ गोस्वामी, संतोष जायसवाल, शरद केसरी, आलोक सेठ, शशांक साहू, राजेश गुप्ता, पवन गुप्ता आदि ने विचार रखे। 

उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में महानगर अध्यक्ष रवि प्रकाश जायसवाल ने जाम को लेकर सुझाव भी रखे। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर बड़े स्कूल-कॉलेज व स्टेडियम को वाहन पार्किंग बनाया जाए।

सरकारी अस्पतालों में बेड रिजर्व, निजी अस्पताल भी करेंगे निशुल्क इलाज
काशी में महाकुंभ के पलट प्रवाह में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी और निजी असपतालों को अलर्ट कर दिया गया है। सरकारी अस्पतालों में जहां अलग वार्ड बनाकर बेड रिजर्व करवाया गया है, वहीं आईएमए के सहयोग से निजी अस्पतालों से भी सीएमओ ने श्रद्धालुओं का निशुल्क इलाज करने को कहा गया है। साथ ही शहर में जगह-जगह एंबुलेंस को भी तैनात किया जाएगा।

उधर सोमवार को बाबा का दर्शन करने आई बिहार निवासी बबीता देवी (40), चंदन (27) मैदागिन के पास चक्कर खाकर गिर गए। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह मंडलीय अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। 

सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आईएमए के माध्यम से सभी निजी अस्पतालों को पत्र भेजकर यह कहा गया है कि वह अस्पताल आने वाले श्रद्धालुओं की प्राथमिक चिकित्सा निशुल्क करें। साथ ही यह भी कहा है कि निजी अस्पतालों में इस तरह का एक बैनर लगाना होगा कि श्रद्धालुओं की आकस्मिक स्थिति में आने पर निशुल्क इलाज किया जा रहा है।

प्रोडक्ट बनाने में अनुदानित यूरिया का उपयोग करने पर होगी कार्रवाई
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने सोमवार को अनुदानित यूरिया का उपयोग कंपनियों में होने से रोकने के लिए जांच टीम गठित की। कई औद्योगिक संस्थान जैसे कैटल फीड, कुक्कुट फीड, साबुन, पेंट, बार्निस, मुद्रण स्याही, लिबास चादरें, प्लाईवूड, लेमिन बार्ड, पार्टीकल बोर्ड के निर्माण में अनुदानित यूरिया का उपयोग कर रहे हैं।

सीडीओ ने कहा कि गठित टीम रोजाना छापा मारकर कार्रवाई करेगी। जिस भी संस्थान में अनुदानित यूरिया का प्रयोग होता मिलेगा वहां कड़ी कार्रवाई की जाएगी। टीम में जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह, उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त ध्रुव सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मां, उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त संजीव कुमार, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी-सदर निरूपमा सिंह, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक श्रीपाल समेत अन्य अफसर रहेंगे।

64 जोड़े लिए सात फेरे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत सोमवार को तीन ब्लाकों में कुल 64 जोडों का विवाह हुआ। जन प्रतितिनिधियों व अधिकारियों ने उनको उपहार देकर आशीर्वाद दिया। बड़ागांव ब्लाक में 24, काशी विद्यापीठ 13 और पिंडरा में 27 जोड़ों ने सात फेरे लिए। पिंडरा ब्लॉक में विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया।

हिंदी साहित्य में पंजाबी साहित्यकारों का महत्वपूर्ण योगदान
उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी, लखनऊ के तत्वावधान में प्रो. वासुदेव सिंह स्मृति न्यास और काशी विद्यापीठ हिंदी पत्रकारिता संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में वक्ताओं ने हिंदी साहित्य में पंजाबी साहित्यकारों के याोगदान की चर्चा की। 

मुख्य अतिथि छपरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि हिंदी साहित्य में पंजाबी साहित्यकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि साहित्य को स्वहित एवं सर्वहितकारी होना चाहिए। गुरुद्वारे में साहित्य का संगम होता है।

काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एके त्यागी ने कहा कि साहित्य की जितनी विधाएं हैं, उन सब में पंजाबी साहित्यकारों ने ऐसे मानदंड स्थापित किए हैं, जिनकी बराबरी करना हिंदी साहित्यकारों के लिए आज भी बड़ी चुनौती है। 

मुख्य वक्ता लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. पवन अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि बीएचयू की प्रो. जसमिंदर कौर, प्रो. उदय प्रताप सिंह आदि ने पंजाबी साहित्य पर अपनी बात रखी। स्वागत डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह, संचालन प्रो. राम सुधार सिंह और धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र सिंह ने किया।

श्रम कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के महामंत्री बने अंजनी राय
श्रम कर्मचारी संघ प्रदेश के अधिवेशन में सोमवार को वाराणसी के अंजनी राय चुने गए। जबकि प्रभात मिश्रा लगातार छठवीं बार अध्यक्ष चुने गए। उप श्रम आयुक्त महेश कुमार पांडे ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारी को बधाई दी और यह आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की समस्याओं पर निरंतर सहयोग करते रहेंगे। 

राष्ट्र ध्वज फहराकर बांटी मिठाई
सारनाथ में यूथ आशा क्लब की ओर से तिरंगा झंडा फहराया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय मिश्रा, क्लब अध्यक्ष महेंद्र पांडे, सचिव राकेश पांडे, दिलीप पांडे, विकास पांडे, ओम सागर पांडे, रिंकू पांडे, खेल मंत्री भानु पांडे, राम अवतार पांडे, जगदीश पांडे, अशोक पांडे समेत अन्य मौजूद रहे।

श्रद्धालु यात्रियों से अधिक किराया वसूली पर ऑटो, ई-रिक्शा चालकों पर होगी कार्रवाई
महाकुंभ के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की ओर से किराये के तौर पर अवैध वसूली की जा रही है। श्रद्धालुओं से अवैध किराया वसूली की शिकायत परिवहन विभाग के अधिकारियों तक पहुंची हैं। 

हरहुआ कृषक इंटर कॉलेज के अस्थाई बस अड्डा और जगतपुर इंटर कॉलेज में अस्थाई बस अड्डा बना है। यहां तक आवाजाही के नाम पर ऑटो, ई-रिक्शा चालकों की ओर से श्रद्धालु यात्रियों से अवैध वसूली हो रही है। इसके अलावा भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अधिक किराये के शिकायतें पहुंची हैं।

संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन शिखर ओझा ने बताया कि श्रद्धालुओं से मनमाना किराया वसूलने पर संबंधित चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं, ऑटो चालक वर्दी में नहीं होंगे तो उस पर भी कार्रवाई तय है। अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित ऑटो, ई-रिक्शा चालकों पर कड़ी कार्रवाई हाेगी।

रोडवेज बस की चपेट में आकर श्रद्धालु यात्री घायल
चांदपुर चौराहे के पास सोमवार को श्रद्धालु यात्री बस की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। दिल्ली के अशोक नगर निवासी तेजपाल सिंह 58 वर्ष सपरिवार महाकुंभ आए। काशी पहुंचने पर वह चांदपुर चौराहा पर बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे कि उस समय कुम्भ स्पेशल रोडवेज बस के चपेट में आ गए। बस चालक भाग निकला।पुलिस ने बस को कब्जे ले लिया है।

डेबिट कार्ड बदलकर 25 हजार निकाले
इंडस्ट्रियल इस्टेट चांदपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में जालसाजों ने युवक का डेबिट कार्ड बदलकर 25 हजार की निकासी कर ली। पीड़ित ने मंडुवाडीह थाने में केस दर्ज कराया। 

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भगवान नगर कॉलोनी महेशपुर-भिटारी रोड निवासी छेदीलाल ने बताया कि नकदी निकालने के लिए एटीएम में पहुंचे तो एक युवक वहां दाखिल हुआ। बातों में उलझाकर डेबिट कार्ड बदल दिया। बाद में मोबाइल पर एसएमएस के जरिए मालूम चला कि 25 हजार निकाले गए हैं।

दो दिन बाद पुलिस ने युवती को बैग वापस करवाया
लंका से आशापुर स्थित रिश्तेदारी में जा रही युवती का गायब बैग दो दिन बाद सोमवार को पुलिस ने ऑटो चालक से बरामद कर लिया। इसके बाद बैग उक्त युवती को सौंप दिया गया। आशापुर चौकी प्रभारी अनिल सिंह चंदेल ने बताया कि लंका निवासी सुप्रिया मिश्रा शनिवार को आशापुर जा रही थी, इस दौरान ऑटो में बैग छूट गया। सुप्रिया की पहचान पर पुलिस ने ऑटो चालक को पकड़ कर बैग वापस किया।

नाबालिक लड़की को बहला फुसलाकर भगाने वाला गिरफ्तार
19 जनवरी को नाबालिक लड़की को बहला फुसलाकर भगाने वाला युवक को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कादीपुर रेलवे स्टेशन से साढ़े चार बजे कहीं लड़की को लेकर भागने के प्रयास कर रहा है।

सूचना पर पुलिस ने लड़की को बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार युवक मुहम्मद नसीम ऊर्फ कल्लू निवासी नरपतपुर चौबेपुर का निवासी है।

रोजगार मेले में 15 अभ्यार्थियों को मिला रोजगार
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से सोमवार को पिडंरा ब्लॉक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान एक कंपनी द्वारा 15 अभ्यर्थियों को सिक्योरिटी गार्ड के पद पर नौकरी दी गई। इनको अब जौनपुर में एक महीने की ट्रेनिंग की जाएगी। 

रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि इन्हें 12 हजार से 32 हजार तक सैलरी मिलेगी। इसके बाद इन्हें जिले में ही मंदिर, बैंक, कॉलोनी, ऑफिस आदि स्थानों पर नियुक्त किया जाएगा। जनपद के सभी विकास खंडों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तिथिवार शिविर का आयोजन किया जाएगा। 

सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर और ऑफिसर पद के लिए लंबाई 168 सेमी, सीना 80-85 सेमी और उम्र 19 से 40 के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी हाईस्कूल पास होना चाहिए। सुपरवाइजर और अधिकारी के लिए इंटरमीडिएट, स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

लॉर्ड विश्वेश्वर केस: पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई हुई
सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक कोर्ट) युगल शंभू की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के लॉर्ड विश्वेश्वर के केस की सुनवाई हुई। इस मामले में वादी रहे हरिहर पांडेय के निधन के बाद उनकी बेटी की ओर से कोर्ट में पक्षकार बनाने संबंधी अर्जी पर पिछली तिथि पर वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी की ओर से आपत्ति दाखिल की गई थी। 

उनकी आपत्ति पर प्रति आपत्ति दाखिल करने के लिए समय मांगा गया। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए तीन फरवरी की तिथि नियत कर दी है। लॉर्ड विश्वेश्वर के केस के वादी हरिहर पांडेय के देहांत के बाद उनकी तीन पुत्रियों मणिकुंतला तिवारी, नीलिमा मिश्र और रेनू पांडेय ने खुद को पक्षकार बनाने की मांग की है।

हरिहर पांडेय के देहांत के बाद मुकदमे को संचालित करने के लिए पक्षकार बनाने की गुहार लगाई गई है। पहले हरिहर पांडेय की बेटियों की ओर से अर्जी पर बल नहीं दिया गया। बलहीन होने की वजह से अर्जी खारिज हो गई थी। फिर, तीनों बेटियों की ओर से उक्त अर्जी को रिकॉल करने की गुहार लगाई गई।

ज्ञानवापी : पक्षकार बनने की अर्जी पर 31 जनवरी को सुनवाई
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) अवधेश कुमार की कोर्ट में सोमवार को ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग से संबंधित केस में हिंदू पक्ष के पक्षकार बनाने के खिलाफ में लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। इस मामले में 25 जनवरी की तिथि नियत थी। मगर 25 जनवरी को अवकाश होने कारण सोमवार को सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 31 जनवरी की तिथि नियत की है। यह अर्जी लोहता क्षेत्र के मुख्तार अहमद अंसारी ने दाखिल की है।

छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के केस की सुनवाई मंगलवार को
फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में सोमवार को आईआईटी-बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एफआईआर के लेखक दुर्गेश सरोज उपस्थित हुए। मगर, उनकी गवाही नहीं हो सकी। लंका थाने की जनरल डायरी की प्रमाणित प्रति न ला पाने की वजह से उनका बयान दर्ज नहीं हो पाया। कोर्ट ने उनकी गवाही के लिए 28 जनवरी की तिथि नियत की है।

सरकारी धन के गबन में प्रधान और वीडीओ दोषी
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सपना शुक्ला की कोर्ट ने सरकारी धन के गबन करने के मामले में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी नंदा राम व गौर खुर्द के तत्कालीन ग्राम प्रधान कृष्ण कांत सिंह को दोषी पाया है। अदालत ने दोनों को तीन-तीन साल की सजा सुनाई है। साथ ही, कोर्ट ने दोनों पर 21- 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

अभियोजन के अनुसार आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारी अमरदेव ने जौनपुर के बक्शा थाने में वर्ष 1995 में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि विकास खंड बक्शा के ग्राम गौरा खुर्द में भूमिहीन रोजगार गारंटी कार्यक्रम के अंतर्गत निर्बल वर्ग के भवनों के निर्माण की योजना आई थी। इस मामले में हेराफेरी और अनियमितताओं के आरोप लगे। जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि ग्राम सभा गौरा खुर्द में वर्ष 1989-90 में हेराफेरी कर 28000 रुपये का गबन किया गया था।

श्याम प्रभु का हुआ शृंगार, भजनों से लगाई हाजिरी
श्री श्याम मंडल की ओर से लक्सा स्थित श्याम मंदिर में गणतंत्र दिवस पर शृंगार हुआ। भक्तों ने दर्शन पूजन किया। वहीं, कलाकारों ने श्याम प्रभु के श्रीचरणों में भजनों से हाजिरी लगाई। श्याम सुंदर गाड़ोदिया ने गणेश वंदना पेश किया।

इसके बाद सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता हैं किस्मत वालों के घर श्याम आता है..., गिरधर मेरे मौसम आया धरती पर सिंगार का.... आदि भजनों पर भक्त झूमते रहे। मंदिर परिसर को फूलों से गुब्बारों से सजाए गया प्रभु को भोग लगा भक्तों में वितरण हुआ।

प्रो. मधु सिंह बनीं सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल
बीएचयू में शिक्षा संकाय की प्रो. मधु सिंह को सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल का चार्ज का दिया गया है। बीएचयू के कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार ने प्रो. मधु को तत्काल प्रभाव से इस पद पर नियुक्त किया। वह शिक्षा संकाय में कक्षाएं लेने और रिसर्च के साथ ही प्रिंसिपल पद पर बनी रहेंगी। सोमवार को बीएचयू के स्कूल बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना में ये जानकारी दी गई है।

बीएचयू में छात्रों की शिकायत सुनेगी 15 सदस्यीय टीम
बीएचयू में छात्र-छात्राओं और प्रोफेसरों की शिकायतों के निपटारे के लिए 15 सदस्यीय आंतरिक शिकायत कमेटी का गठन किया गया है। ये कमेटी बीएचयू के विभागों और कार्यालयों समेत कैंपस में आने वाली समस्याओं और विवादों का निपटारा करेगी। 

कमेटी की अध्यक्ष शिक्षा संकाय की अध्यक्ष प्रो. रश्मि चौधरी बनाई गईं। वहीं, विजिलेंस और गोपनीय विभाग के डिप्टी रजिस्ट्रार को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। छात्रों के मामले में हिंदी पत्रकारिता विभाग के बादल सिंह राज, कृषि विज्ञान संस्थान की एमटेक छात्र अलका कुमारी और बीए एलएलबी की छात्रा खुशी त्रिपाठी भी सदस्य रहेंगी। 

बीएचयू में चित्रकला की बारीकियां जानेंगे विद्यार्थी
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के चित्रकला विभाग में राष्ट्रीय कला कुंभ कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को हुआ। इस दौरान देश के विभिन्न जगहों से आए कलाकारों ने आकर्षक कलाकृतियां बनाईं और विद्यार्थियों को कला की बारीकियां भी बताईं। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने किया। 

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों को नई जानकारियां मिलती हैं। संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने बताया कि कार्यशाला दो फरवरी तक चलेगी। प्रतिभागियों ने ऑन द स्पाॅट कला का प्रदर्शन किया। कार्यशाला में प्रो. मनीष अरोड़ा, आईआईटी से प्रो. संजय कुमार शर्मा, प्रो. शिव प्रकाश सिंह, प्रो.जसमिंदर कौर, डॉ. शांति स्वरूप सिन्हा, डॉ. ललित मोहन सोनी आदि मौजूद रहे।

दुर्गा मंदिर परिसर का पिछला गेट बंद
दुर्गाकुंड मंदिर परिसर के पिछले हिस्से में पूरब तरफ स्थित गेट को आम लोगों के प्रवेश के लिए बंद कर दिया गया। गेट बंद करने का निर्णय मंदिर प्रशासन की तरफ से कार की चपेट में आने से वृद्धा के घायल होने के बाद लिया गया। इस गेट के खुले रहने से मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए आने वाले अपनी कार और मोटरसाइकिल लेकर मंदिर के पास तक पहुंच जा रहे थे। 

मंदिर और मंदिर परिवार के लोगों के वाहनों और मंदिर का सामान आने जाने के साथ नवरात्रि सावन में गेट को खोला जाएगा। बाकी समय इसको बंद रखा जाएगा। जिससे कि इस रास्ते से बाहरी लोग अपने निजी वाहन से भीतर नहीं घुस पाएंगे।

मेधावियों को मिला शंकर दयाल गोल्ड और महामना संस्कृत सम्मान
बीएचयू में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मेधावियों और एनसीसी कैडेट्स समेत गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। रविवार को एंफीथियेटर ग्राउंड पर गणतंत्र दिवस पर कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार ने एलएलबी के छात्र रतन कुमार सिंह को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा गोल्ड मेडल दिया। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में साहित्य विभाग के आचार्य द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी सूरज तिवारी को महामना संस्कृत पुरस्कार से नवाजा गया।

इनके अलावा सामाजिक विज्ञान संकाय स्थित राजनीति विज्ञान विभाग की वेदिका सिंह को मेजर एसएल दर गोल्ड और अमृतांशु सिंह को मेजर एसएल दर सिल्वर मेडल पदक से विभूषित किया गया। 

एनसीसी कैडेट्स सागर सुमन, प्रशांत सिंह, प्रीति कुमारी, चितरंजन कुमार महतो और स्नेहा प्रजापति को भी अवाॅर्ड दिए गए। गैर शिक्षण कर्मचारी उत्कृष्ट सेवा सम्मान परीक्षा नियंता कार्यालय के सीनियर स्टाफ एआर बद्री, ट्रॉमा सेंटर की ललिथा सुरेश, अनुभाग अधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह, केश नाथ मौर्या, अलगू राम और मनोज कुमार यादव को कार्यवाहक कुलपति ने सम्मानित किया।

बरेका गुमटी मार्केट में गेट पर बना गार्ड रूम सील
बरेका परिसर स्थित गुमटी मार्केट के गेट पर बने गार्ड रूम को सोमवार की सुबह अधिकारियों और आरपीएफ ने सील कर दिया। इससे आक्रोशित स्थानीय व्यापार मंडल ने विरोध जताया।

पिछले दिनों मार्केट में पटरी पर सब्जी बेचने वालों ने व्यापार मंडल पर उत्पीड़न व वसूली का आरोप लगाया था। इसकी जांच जारी रही। इस बीच सुबह लगभग 10 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर चेतराम मीणा, सिविल विभाग के एईएन साकेत गुप्ता और आईओडब्ल्यू की टीम के साथ सहायक कमांडेंट जेपी मौर्य गुमटी बाजार पहुंचे और गार्ड रूम सील की कार्रवाई की। 

मौजूद व्यापारियों ने विरोध जताया लेकिन आरपीएफ के चलते उनकी एक न चली। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासनिक भवन में उच्चाधिकारियों से मुलाकात की।

वीडीए ने छह बीघे की दो अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की ओर से सोमवार को छह बीघे की दो अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई। शिवपुर वार्ड के बैजल पट्टी में अज्ञात की ओर से बगैर ले आउट स्वीकृत कराए तीन बीघे में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। इसी प्रकार इंद्रावर में तीन बीघे में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की देखरेख में कार्रवाई की गई।

सामूहिक विवाह योजना के तहत 13 जोड़ों की हुई शादी
काशी विद्यापीठ ब्लॉक में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 13 जोड़े एक दूजे के हुए। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया।

खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार यादव ने बताया कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से जिन गरीब परिवारों की वार्षिक आय दो लाख से कम होती है, उनकी बेटियों की शादी सरकार कराती है। उनके खाते में 35 हजार रुपये भेजे जाते हैं। 

10 हजार रुपये की आवश्यक सामग्रियां (कपड़े, बिछिया, पायल चांदी की, बर्तन) दी जाती हैं। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख रेनू पटेल, जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, बचाऊ पटेल, विजय गुप्ता, मुकेश पटेल, शामबली पटेल, विनोद पटेल आदि मौजूद रहे। 

उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने रमेश जायसवाल
दी उत्तर प्रदेश टैक्स बार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश का 48वां दो दिवसीय (26 और 27 जनवरी) अधिवेशन शिकोहाबाद में हुआ। इस बीच वार्षिक सत्र 2024-26 के चुनाव भी कराए गए। इसमें वाराणसी के अधिवक्ता रमेश प्रसाद जायसवाल को अध्यक्ष चुना गया। 

30 सदस्यीय प्रांतीय कार्यकारिणी भी गठित हुई। कार्यकारिणी में काशी के दो अधिवक्ता विनयकांत मिश्रा व संजय श्रीवास्तव को जगह मिली है। इस मौके पर अधिवक्ता जोनल अध्यक्ष अमित कुमार राय, जयकेश मिश्रा, संजय गौतम, कमलेश यादव, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे। 

प्रो. संजय कुमार अध्यक्ष, डॉ. दर्शन बने महामंत्री
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिक्षक संघ के चुनाव में प्रो. संजय कुमार सिंह अध्यक्ष चुने गए। वहींए महामंत्री पद पर डॉ. दर्शन शर्मा को चुना गया। वरिष्ठ शिक्षक चुनाव अधिकारी प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. बिरेंद्र कुमार निर्मल की देखरेख में हुए चुनाव में 50 से अधिक शिक्षकों ने भागीदारी की। 

डॉ. श्रीप्रकाश गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. प्रज्ञा ओझा कनिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. राजेंद्र प्रसाद संयुक्त मंत्री, दिव्यानी बरनवाल कोषाध्यक्ष चुनी गईं। इस दौरान प्रो. अनीता सिंह, प्रो. संजय श्रीवास्तव, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. अशोक कुमार सिंह, प्रो. ऋचा सिंह आदि मौजूद रहे।

डॉ. एसएस पांडेय को मिला फिजियो अकादमिक अवॉर्ड
फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन की ओर से आयोजित समारोह में आईएमएस बीएचयू के हड्डी रोग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. एसएस पांडेय को फिजियो अकादमिक अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. पांडेय को यह पुरस्कार फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने दिया। वाराणसी फिजियोथेरेपिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश गिरी ने फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में डॉ. पांडेय के योगदान की सराहना की। 
विज्ञापन

माैनी अमावस्या : छह घंटे पहले शुरू होगी घाटों की सफाई
मौनी अमावस्या को लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। 29 जनवरी को होने वाले स्नान पर्व पर गंगा घाटों पर उचित प्रबंध करने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। स्नान शुरू होने से छह घंटे पूर्व और स्नान खत्म होने के छह घंटे बाद तक सभी घाटों पर सफाई होगी। 

हर घाट पर स्नान के कपड़े और पूजा निर्माल्य हटाने के लिए अलग अलग कर्मचारी होंगे। इसके अलावा गंगा घाट जाने वाले मार्गों पर सफाई, चूने का छिड़काव, सड़क, लाइट आदि का समुचित प्रबंध करने को कहा है। गंगा में तैरने वाले फूल मालाओं को हटवाने के लिए स्कीमर चलाई जाएगी। 

इसके अलावा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलाव व रैन बसेरों में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। गंगा घाटों पर सफाई के लिए तीनों पहर में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें