काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति की चयन प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। सूत्रों की मानें तो सर्च कमेटी ने बीएचयू कुलपति के तीन नामों चयन भी कर लिया है। पूरी उम्मीद है कि इस महीने बीएचयू को कुलपति मिल जाए।
चर्चा है कि सर्च कमेटी जिन तीन नामों का चयन किया है उसमें जेएनयू के प्रो. राकेश भटनागर का नाम शामिल हैं। इनके अलावा पुड्डूचेरी विश्वविद्यालय के प्रो. पीपी माथुर का नाम भी खूब चर्चा में हैं।
वाराणसी निवासी प्रो. माथुर संघ की ओर से कुलपति पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। ये आरएसएस के नेता कृष्ण गोपाल के बेहद नजदीकी भी माने जाते हैं।
बता दें कि सितंबर में बीएचयू में हुई घटना के बाद अक्तूबर में पूर्व कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी छुट्टी पर भेज दिए गए थे। 26 नवंबर को उनका कार्यकाल भी समाप्त हो गया। तब से लेकर अब तक बीएचयू कुलपति का पद खाली चल रहा है।