शोध कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र और बीएचयू भौतिकी विभाग के बीच जल्द ही समझौता हो सकता है। इसके बाद दोनों संस्थानों के शिक्षक और छात्र मिलकर शोध कार्य कर सकेंगे। बीएचयू में सोमवार को चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमीनार में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आए केंद्र के निदेशक डॉ. अजीत कुमार मोहंती ने इसकी घोषणा की।
विज्ञान संकाय सेमीनार कांपलेक्स में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मोहंती ने लो एनर्जी न्यूक्लियर फिजिक्स के क्षेत्र में आधारभूत और व्यवहारिक कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। कहा कि वर्तमान परिवेश में इस तरह का कदम उपयोगी है। उन्होंने बीएचयू भाभा के बीच अधिक से अधिक शोध कार्य को बढ़ावा देने की बात कही। विज्ञान संकाय के निदेशक प्रो. अनिल कुमार त्रिपाठी ने शिक्षा के क्षेत्र में संकाय और भाभा के संबंध और आगामी योजनाओं के बारे में बताया। विभागाध्यक्ष प्रो. रुद्र प्रताप मलिक ने विभाग की उपलब्धियों के साथ ही वर्तमान में चल रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अजय कुमार त्यागी और धन्यवाद ज्ञापन प्रो. वेंकेटेश सिंह ने किया। इस दौरान प्रो. राघव वर्मा, प्रो. अफजल अंसारी, प्रो. बीके नायक सहित विभिन्न जगहों से आए प्रतिभागी मौजूद रहे।