वाराणसी। बीएचयू के शिक्षा संकाय प्रमुख पर एक शोध छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायत कुलपति से की है। कुलपति के निर्देश पर महिला सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, छात्रा और संकाय प्रमुख ने महिला सेल के सामने अपना-अपना पक्ष रखा है। संकाय प्रमुख प्रो. आरपी शुक्ला ने छात्रा के आरोपों को गलत बताते हुए कम उपस्थिति के बारे में आपत्ति जताना इसकी वजह बताया है। महिला सेल की ओर से अब रिपोर्ट कुलपति को सौंपी जानी है।
छात्रा द्वारा आरोप लगाने की चर्चा बुधवार को सोशल मीडिया के साथ ही संकाय और विश्वविद्यालय परिसर में होती रही। छात्रा ने शिकायती पत्र में शिक्षा संकाय प्रमुख पर शारीरिक बनावट को लेकर कमेंट करने के साथ ही अन्य कई आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत कुलपति के पास पहुंची तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच महिला सेल को सौंप दी। उधर, महिला सेल के बुलावे पर 11 जुलाई को संकाय प्रमुख ने सेल के सामने अपना पक्ष रखा। इसमें उन्होंने छात्रा के अनुपस्थित रहने और इस बारे में पूछताछ करने पर इस तरह के आरोप लगाने की बात कही है।
छात्रा द्वारा लगाया गया यौन शोषण का आरोप पूर्णतया गलत है। ऐसा कर मुझे बदनाम किया जा रहा है। उपस्थिति के बारे में जब पूछताछ की गई तो इस तरह का आरोप लगाया जा रहा है। महिला सेल को इससे अवगत कराया जा चुका है। -प्रो. आरपी शुक्ला, संकाय प्रमुख, शिक्षा संकाय
छात्रा की शिकायत मिलने के बाद मामले को महिला सेल भेजा गया है। यहां जांच के बाद जो रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -प्रो. राकेश भटनागर, कुलपति