बीएचयू के संस्थापक पंडित मदन मोहन मालवीय को राष्ट्रपति भवन में भारतरत्न से विभूषित किए जाने पर सोमवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय में जश्न का माहौल छा गया। महामना के परिवार के सदस्यों को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने देश का सर्वोच्च सम्मान भारतरत्न सौंपा तो बीएचयू में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यार्थियों ने महामना को दिल से सच्ची श्रद्धांजलि दी और अबीर-गुलाल उड़ाने के साथ ही एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर बधाई दी।
बीते साल 24 दिसंबर को महामना को भारतरत्न से अलंकृत करने की घोषणा के बाद सोमवार को उनके परिवार के लोगों को राष्ट्रपति भवन में भारतरत्न दिया गया। इसकी खुशी काशी हिंदू विश्वविद्यालय में पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। भारतरत्न मिलने के बाद कई विभागों में कक्षा के दौरान महामना को पुष्पांजलि अर्पित की गई। वहीं हॉस्टल और विश्वनाथ मंदिर परिसर में छात्रों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर खुशी जाहिर की। विश्वनाथ मंदिर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने महामना की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।
यहां एक दूसरे को मिठाइयां बांटी गई। ऐसे ही नरेंद्र देव हॉस्टल में निवर्तमान महासचिव विकास सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। रुइया हॉस्टल में मुनीश मिश्रा व डॉ. जगरनाथ मिश्रा के नेतृत्व में छात्रों ने खुशी मनाई। ऐसे ही चिकित्सा विज्ञान संस्थान में निदेशक प्रो. आरजी सिंह ने मालवीय जी के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वहीं मालवीय भवन के मानित निदेशक ने खुशी जताई कि महामना को मिलने वाला भारतरत्न विश्वविद्यालय में रखा जाएगा। इससे विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।