वाराणसी। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान में स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं ने बेस्ट टीचर के लिए वोटिंग की। बुधवार को बीएससी (कृषि) के चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने अध्यापकों का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से उन्हें वोट किया। मूल्यांकन पत्र में संस्थान के 72 शिक्षकों का नाम था। स्नातक स्तर के 142 छात्र-छात्राओं में से 124 ने अपने मूल्यांकन अधिकार का इस्तेमाल करते हुए मतदान किया।
अध्यापकों को अधिकतम 10 और न्यूनतम चार अंक देने थे। इसके अलावा 10 शिक्षकों को कक्षा लेने के तरीके, समय पर कक्षा में आने, पढ़ाने के तरीक, कम्यूनिकेशन स्किल, कोर्स पूरा कराने, छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने जैसे विभिन्न पैमानों पर भी अंक देना था। बता दें कि बीएचयू में अकेले ये संस्थान बीते तीन साल से अध्यापकों को मूल्यांकन करा रहा है। इसके लिए बाकायदा वोटिंग की जाती है। वोटिंग के
जरिए चुने जाने वाले उत्कृष्ट शिक्षकों को संस्थान के वार्षिक दिवस पर सम्मानित भी किया जाता है। बुधवार को मूल्यांकन व वोटिंग प्रक्रिया सहायक कुलसचिव वेणु गोपाल के निर्देशन में संपन्न हुई। इस अवसर पर एएन राय, कमलेश कुमार चौरसिया, कृष्ण कुमार शुक्ल, रामभजन राम, अरविंद कुमार ने अपना सहयोग किया। इसका परिणाम तीन मई को घोषित किया जाएगा।