वसंत पंचमी की तैयारियों को लेकर बीएचयू को छात्र अपने-अपने स्तर पर कार्य कर रहे हैं। महामना मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रहेगी। यहं प्रतिमा थर्माकोल से बनाई गई है। छात्र अब इसको अंतिम रूप दे रहे हैं।
हर साल वसंत पंचमी के दिन बीएचयू का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस दिन संकायों, संस्थानों की ओर से आकर्षक झांकियां निकाली जाती हैं। इस बीच बीएचयू में छात्रों ने थर्माकोल की मदद से महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की पांच फीट की आकर्षक प्रतिमा तैयार की है। तीन फरवरी को मालवीय भवन के सामने से गुजरने वाली दृश्य कला संकाय की झांकी में ये प्रतिमा लोगों को देखने को मिलेगी।
विज्ञापन
बीएचयू में वसंत पंचमी पर निकलने वाली झांकी को लेकर परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मालवीय भवन से लेकर हॉस्टल लेन पर सड़क के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कराई जाने लगी है।
संकायों और विभागों में झांकियां बनाने में छात्र जुट गए हैं। तीन फरवरी को बीएचयू कैंपस में करीब 40 से ज्यादा झांकियां निकलेंगी। इस साल झांकी की थीम विश्वविद्यालय के कुलगीत से ली गई है। प्रतीची प्राची का मेल थीम पर ही झांकियां तैयार हो रही हैं।
विज्ञापन
दृश्य कला संकाय में डाॅ. आशीष कुमार, डॉ. ललित मोहन सोनी के निर्देशन में छात्र-छात्राओं की टीम दुर्गेश प्रजापति, उत्कर्ष चौधरी, दीपांकर, राहुल विश्वकर्मा, मो. शाहिद आदि ने छह दिन में थर्माकोल की 60 शीट से महामना की 5 फीट की प्रतिमा तैयार की है।
बीएचयू के मुख्य द्वार से लेकर अन्य कलाकृतियां भी बनाई जा रही हैं। मुख्य समारोह में एक रथ पर सवार होकर प्रतिमा को निकाला जाएगा। इसके अलावा संगीत एवं मंच कला संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान, विज्ञान संस्थान सहित अन्य संस्थानों में भी झांकियां बनाई जा रही हैं।