कोरोना मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली रेमडेसिविर इंजेक्शन को बेचने के आरोप में बीएचयू के छात्र को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे छात्रावास सहित विश्वविद्यालय की सभी सुविधाओं से वंचित कर दिया गया है। कला संकाय में विदेशी भाषा विभाग में स्पेनिश में डिप्लोमा कर रहे छात्र सुनील कुमार पटेल पर पुलिस ने 27 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था।
कोरोना काल में भर्ती मरीजों के साथ ही होम आइसोलेशन में रहने वालों को रेमडेसिविर इंजेक्शन लगाई जा रही थी। जरूरत के हिसाब से कई जगहों पर मरीजों को समय से इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में परिजन भी अस्पताल से लेकर अधिकारियों के कार्यालयों तक के चक्कर लगा रहे थे। इस बीच सुनील पर रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने का आरोप लगाकर प्रयागराज के वामपुर मंडा निवासी अनुज कुमार तिवारी ने मुकदमा दर्ज कराया था।