आसमान में छाए काले घने बादलों और बूंदाबांदी की फुहार के बीच सोमवार को बीएचयू कैंपस छात्र-छात्राओं की चहल-पहल से गुलजार हो उठा। शैक्षणिक सत्र 2016-17 के पहले दिन यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं का उल्लास हिलोरें मार रहा था। ऊपर से मौसम भी खुशगवार हो गया था। सबसे ज्यादा उत्साही वो छात्र दिखे, जिन्होंने स्कूल के बेहद अनुशासित माहौल से निकल कर पहली बार यूनिवर्सिटी में कदम रखा। किसी पर न यूनिफार्म का बंधन था और ना ही बस्ते का बोझ। कुछ ने तो पहले दिन के खासतौर पर कुछ विशेष ड्रेस ही बनवाईं थीं। हालांकि ये उनकी काउंसलिंग का ही दिन था लेकिन वो महामना के इस पावन विश्वविद्यालय से रूबरू हो रहे थे।
बीएचयू के शताब्दी वर्ष के नए सत्र का आगाज कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने सोमवार को रुद्राभिषेक संग किया। श्री विश्वनाथ मंदिर में कुलपति ने विधिवत पूजा-अर्चना की। परिसर मंत्रोच्चार से गुंजायमान था। मंदिर के मानद व्यवस्थापक पं. चंद्रमौलि उपाध्याय के आचार्यत्व में पुरोहितों ने विधि विधान के साथ पूजन कराया। इसके अलावा सत्र के पहले दिन जो भी विद्यार्थी कैंपस पहुंचे उन्होंने भी मंदिर में दर्शन पूजन कर आशीर्वाद मांगा।
सत्र के शुभारंभ के साथ ही कैंपस में कई फैकल्टी में काउंसलिंग भी शुरू हो गई। बीए, बीकॉम, बीए-एलएलबी सहित आधा दर्जन से अधिक पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक यहां पहुंचे। महामना के अथक प्रयासों से बने इस विशाल प्रांगण में आकर वे ना सिर्फ अभिभूत थे बल्कि इसका हिस्सा बन कर खुद को गौरवान्वित भी महसूस कर रहे थे। सौ साल का बसंत देख चुके इस विश्वविद्यालय के भागीदार बनकर वो भी खुश थे और जितना जानते थे, उसके बारे में अपने अभिभावकों को बता रहे थे। कुछ ने किसी न किसी से दोस्ती कर ली और विश्वविद्यालय के बारे में जानने लगे। कम से कम उन्हें तीन साल तो यहीं गुजारने हैं। यहां विश्वविद्यालय की खूबियों से रूबरू कराने के लिए सभी काउंसलिंग सेंटर पर बीएचयू पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।
उधर, सत्र के पहले दिन बीएचयू में पहले से पढ़ रहे छात्र-छात्राएं भी कैंपस पहुंचे। पहला दिन था और बारिश के कारण कक्षाएं भले ना चलीं हों लेकिन कई दिनों बाद दोस्तों के साथ मस्ती का रंग फिर से उन पर खूब चढ़ा। विश्वनाथ मंदिर के कॉफी शॉप से लेकर मधुबन और मैत्री भवन की कैंटीन उनसे गुलजार थी। वहीं कई लड़कों की कई टोलियां बारिश में मस्ती करते नजर आए।