बीएचयू में शैक्षणिक सत्र 2019-20 अंतिम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं के लिए मुख्य ऑनलाइन ओपन बुक परीक्षा से पहले रविवार से मॉक ऑनलाइन परीक्षा की शुरुआत हो गई। विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए तीन सितंबर परीक्षा कराई जाएगी। इसके पीछे विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि छात्र छात्राओं को ऑनलाइन ओपन बुक परीक्षा से पहले पूरी जानकारी मिल सके और किसी तरह की कोई असुविधा ना हो।
विश्वविद्यालय में अंतिम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं के लिए ऑनलाइन ओपन बुक एग्जाम कराने का निर्णय लिया जा चुका है। मुख्य परीक्षा कब से शुरू होगी इस बारे में अभी कार्यक्रम बनाया जा रहा है, लेकिन इसके पहले 30 अगस्त से 3 सितंबर तक मॉक एक्जाम शुरू हो गया है। पहले दिन रविवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्नातक के छात्र छात्राओं ने परीक्षा में भाग लिया जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक स्नातकोतर के छात्र शामिल हुए।
परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक छात्र छात्राओं को यह भी कहा गया है कि मॉक ऑनलाइन एग्जाम में दिए गए प्रश्न पत्रों का मेन एग्जाम से कोई संबंध नहीं है। यह केवल उन्हें एक जानकारी के लिए दिया गया है। जिससे परीक्षा के दौरान में किसी तरह की कोई असुविधा न हो। इसके लिए वेबसाइट पर पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी अपलोड किया गया है।