बीएचयू परिसर के सीर गेट बंद होने के विरोध में एक बार फिर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। रविवार की सुबह सीर गोवर्धनपुर, रमना, नाथूपुर, नरोत्तमपुर आदि जगहों के ग्रामीणों ने गेट पर प्रदर्शन कर तत्काल खोले जाने की मांग को लेकर चीफ प्रॉक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राजेश यादव ,जयप्रकाश, नागेंद्र यादव, विवेक यादव, विजय कुमार, राहुल, लकी, संदीप सिंह आदि ने बताया कि सीर गेट से ही प्रतिदिन हजारों की संख्या में ग्रामीण, विश्वविद्यालय के छात्र, कर्मचारी प्रोफेसर भी आते-जाते हैं। गेट बंद होने से बीएचयू परिसर में ही ग्राम देवता के मंदिर में भी नहीं जा पा रहे हैं। किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों पर सर सुंदरलाल अस्पताल में जाने के लिए भी एंबुलेंस और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व की तरह ही सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक इस गेट को खोले जाने से लोगों को बड़ी राहत होगी। इस बारे में पूछे जाने पर बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय का कहना है कि ग्रामीणों द्वारा जो ज्ञापन मिला है उस पर विचार चल रहा है। नियमानुसार आगे की कार्यवाही होगी।