फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएचयू: सेंट्रल लाइब्रेरी में किताब-कॉपी छोड़ प्रदर्शन, सीट की कमी का आरोप; बोले- साइबर लाइब्रेरी है अधूरी

Sat, 26 Sep 2026 06:02 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

बीएचयू की सेंट्रल लाइब्रेरी में शुक्रवार को छात्रों ने साइबर लाइब्रेरी शुरू न होने और सीटों की कमी के विरोध में करीब एक घंटे प्रदर्शन किया। छात्रों ने पिछले साल पांच दिसंबर को लगी आग की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और मरम्मत पूरी कराने की मांग की। लाइब्रेरियन प्रो. डीके सिंह ने सीटों की व्यवस्था यूडब्ल्यूडी के जिम्मे बताई।
विज्ञापन
बीएचयू में प्रदर्शन कर रहे छात्र। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीएचयू की सेंट्रल लाइब्रेरी में शुक्रवार दोपहर छात्र-छात्राओं ने अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। साइबर लाइब्रेरी में करीब 10 महीने पहले लगी आग के बाद अब तक पूरी तरह संचालन शुरू नहीं होने और सीटों की संख्या कम होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने नाराजगी जताई। दोपहर करीब 12:10 बजे लाइब्रेरी पहुंचे छात्रों ने वहां पढ़ रहे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रदर्शन में शामिल किया और सभी मुख्य भवन में पहुंच गए।

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान लाइब्रेरी की बिजली भी काट दी गई। छात्रों ने करीब एक घंटे तक नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। इस दौरान लाइब्रेरियन प्रो. डीके सिंह के साथ छात्रों की बहसबाजी भी हुई। छात्रों का आरोप था कि लाइब्रेरी से जुड़ी समस्याओं को लेकर अलग-अलग विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।

10 माह बाद भी साइबर लाइब्रेरी शुरू न होने का आरोप
छात्रों ने कहा कि पिछले वर्ष पांच दिसंबर को साइबर लाइब्रेरी के पहले तल पर आग लगी थी। इसके बाद जांच कराई गई, लेकिन उसकी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है। छात्रों का कहना था कि करीब 10 माह बीतने के बाद भी साइबर लाइब्रेरी की मरम्मत पूरी नहीं हुई है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि लाइब्रेरी में बाहरी और अनधिकृत छात्रों का प्रवेश होता है। इससे नियमित विद्यार्थियों को सीट मिलने में परेशानी होती है। छात्रों ने कहा कि क्षमता के अनुरूप सीट उपलब्ध नहीं होने से पढ़ाई के लिए जगह तलाशना मुश्किल हो रहा है।
विज्ञापन

लाइब्रेरियन बोले- सीटों की व्यवस्था यूडब्ल्यूडी की जिम्मेदारी
लाइब्रेरियन प्रो. डीके सिंह ने छात्रों की शिकायत पर कहा कि विद्यार्थियों को किताब नहीं मिल रही है तो यह लाइब्रेरियन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सीटों की कमी के संबंध में कहा कि सीटों की व्यवस्था और निर्माण का काम यूडब्ल्यूडी देखता है। लाइब्रेरी की मौजूदा सभी सीटें भर चुकी हैं। अधिक सीटों की जरूरत को देखते हुए नई बिल्डिंग का प्रस्ताव दिया गया है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने साइबर लाइब्रेरी को जल्द शुरू कराने, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद छात्र अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के समक्ष बात रखने में जुटे रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें