बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में छह जून की घटना
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में छह जून को हुई मरीजों की मौत के मामले की जांच अब हाई पावर कमेटी करेगी। 22 अगस्त को हाईकोर्ट के आदेश पर डीजी हेल्थ ने विभाग के निदेशक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
यह कमेटी जल्द ही घटना की तह तक जाने के लिए अस्पताल का दौरा कर नाइट्रस आक्साइड के इस्तेमाल और उसकी आपूर्ति समेत सभी तथ्यों की जांच करेगी। अस्पताल में छह-सात जून को आपरेशन थियेटर में मरीजों की मौत हो गई थी।
घटना के तत्काल बाद बीएचयू प्रशासन ने आठ सदस्यीय फैक्ट फाइडिंग कमेटी गठित की थी, जिसने अपनी जांच में नाइट्रस आक्साइड, आइसोफ्लोरेन इंजेक्शन को मौत की वजह बताई थी।
इसके बाद विस्तृत जांच के लिए आईएमएस डायरेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई, जो अब तक घटना के प्रमुख कारणों का पता ही नहीं लगा पाई। इस बीच बीएचयू के पूर्व छात्रनेता भुवनेश्वर द्विवेदी ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की थी।
याचिका पर सुनवाई करते हुए 22 अगस्त को कोर्ट ने डीजी हेल्थ को आदेश जारी कर जांच कमेटी गठित करने और छह सप्ताह के भीतर शपथ पत्र के साथ जांच रिपोर्ट देने को कहा था।
डीजी डॉ. पद्माकर सिंह ने फोन पर बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर विभाग के निदेशक की अध्यक्षता में गठित कमेटी गठित की गई है। इसमें बनारस मंडल के अपर निदेशक स्वास्थ्य और सीएमओ भी शामिल हैं। यह कमेटी जल्द ही जांच शुरू करेगी, ताकि तय समय पर कोर्ट में रिपोर्ट पेश की जा सके।