बीएचयू के पंडित ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह के उद्घाटन को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यादगार बना दिया। इस दौरान रंग डारूंगी नंद के लालन पे, रंग डारूंगी... गीत से माहौल होली के रंग में सराबोर हो गया।
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय परिसर में करीब आठ करोड़ की लागत से नए सिरे से बनकर तैयार पंडित ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह का कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने उद्घाटन किया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम यादगार बना दिया।
विज्ञापन
ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में कुलगीत के बाद शिक्षक डॉ. ज्ञानेश चंद्र पांडेय ने राग अहीर भैरव में रचित साधो गगन घटा गहरानी की प्रस्तुति की। इसके बाद दादरा में मोरी छोड़ो डगरिया श्याम... गीत के माध्यम से राधा-श्याम के प्रेम का भाव दर्शाया। इसके साथ ही रंग डारूंगी नंद के लालन पे, रंग डारूंगी... गीत से माहौल होली के रंग में सराबोर हो गया। तबले पर आनंद मिश्रा, सिद्धार्थ चक्रवर्ती, हारमोनियम पर देवेंद्र झा और बांसुरी पर सुधीर कुमार गौतम ने संगत की।
कार्यक्रम में प्रो. प्रवीण उद्धव ने राग पुरिया में मध्यलय तीनताल, राग सोहनी में तबले की कुछ परंपरागत बंदिशें प्रस्तुत की। इसके बाद डॉ. खिलेश्वरी पटेल और उनकी टीम की भरतनाट्यम की प्रस्तुति बेजोड़ रही। स्वागत संकाय प्रमुख प्रो. के शशि कुमार ने किया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह, छात्र अधिष्ठाता, प्रो. एके नेमा, सलाहकार इंजीनियर पीके सिंह आदि मौजूद रहे।