बीएचयू में बीएससी मैथ में दाखिले के लिए मुकाबला बेहद कड़ा है। इस पाठ्यक्रम की 550 सीटों के लिए रविवार को 60,300 अभ्यर्थियों ने विभिन्न केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा दी।
67 हजार अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया था लेकिन 10 फीसदी परीक्षार्थी किन्हीं कारणों से परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। बीएससी मैथ के अलावा बीएफए, एमपीएड की भी प्रवेश परीक्षाएं हुईं।
बीएफए, एमपीएड के अलावा बीएससी मैथ की प्रवेश परीक्षा के लिए बीएचयू समेत 14 शहरों में प्रवेश परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन तीनों प्रवेश परीक्षाओं के लिए पंजीकृत 73 हजार में से 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
बीएससी के लिए सर्वाधिक 67 हजार में बनारस में बने 50 केंद्रों पर 34 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। सुबह आठ से साढ़े दस बजे तक हुई बीएससी मैथ की प्रवेश परीक्षा के लिए यूपी के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार समेत अन्य समीपवर्ती प्रांतों से अभ्यर्थी यहां पहुंचे।
बीएचयू कैंपस से लेकर शहर के अन्य केंद्रों तक परीक्षार्थियों और अभ्यर्थियों की भीड़ लगी थी। बीएचयू परिसर में अभिभावकों के लिए मुख्य द्वार सहित अंदर जगह-जगह टेंट लगवाकर बैठने की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा नियंता मनोज पांडेय ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। अब 20 से 27 मई तक लगातार बीएससी कृषि, बीएससी बायो, बीकॉम आदि की प्रवेश परीक्षाएं कराई जाएंगी।