वाराणसी। बीएचयू में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस सह स्वर्ण जयंती समारोह में स्वयंसेवकों ने राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। बतौर मुख्य अतिथि महिला महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य और पुरातन छात्र प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रो. सुशीला सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने की जरूरत है। इसमें स्वयंसेवकों की अहम भूमिका है।
महामना पंडित मदन मोहन मालवीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. सुशीला सिंह ने युवाओं से स्वामी विवेकानन्द, महर्षि अरविन्द, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जैसे महापुरुषों के जीवनी का अध्ययन करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. बाला लखेंद्र ने योजना के तहत होने वाले कार्यक्रमों रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, साक्षरता, एकता, शांति और सद्भावना सहित अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। बताया कि अब तक 350 स्वयं सेवकों ने रक्तदान किया है। इसके अलावा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बीएचयू मालवीय भवन से बापू कुटी सेवा ग्राम तक की लगभग 1100 किलोमीटर की दूरी तयकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया हैै। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारियों में डॉ. नेहा पांडेय, डॉ. स्वाती मिश्रा, डॉ. मनीषा तिवारी, डॉ. वैभव और स्वयंसेवकों को भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बापू का प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम और वैष्णव जनतो तेने कहिये के गायन के साथ ही पौधरोपण भी हुआ। अतिथियों का स्वागत डॉ. वेद प्रकाश और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष तिवारी ने किया।