वाराणसी। बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय में संचालित होने वाले दीनदयाल उपाध्याय और जयप्रकाश नारायण सेंटर पर 17 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें सबसे अधिक जेपी नारायण अध्ययन केंद्र पर 10 करोड़ 45 लाख 25 हजार रुपये खर्च होंगे। जबकि दीनदयाल अध्ययन केंद्र के लिए 6 करोड़ 97 हजार 55 हजार रुपये का प्रस्ताव बनाया गया था। मंगलवार को संकाय स्तर पर बनी पॉलिसी प्लानिंग कमेटी(पीपीसी) की बैठक में बजट को मंजूरी मिल गई है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दो दिन के भीतर प्रस्ताव शिक्षा मंत्रालय को भेजा जा जाएगा।
सामाजिक विज्ञान संकाय में चलने वाले दोनों अध्ययन केंद्रों पर पढ़ाई के साथ ही छात्र शोध कार्य भी कर सकेंगे। सामाजिक विज्ञान संकाय प्रमुख प्रो. कौशल किशोर मिश्रा की अध्यक्षता वाली कमेटी की बैठक में सेंटर संचालन सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की र्गई। संकाय प्रमुख ने बताया कि दोनों अध्ययन केंद्रों पर शिक्षकों और कर्मचारियों के अलग-अलग पदों का सृजन किया गया है। अब पीपीसी की बैठक में बजट के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जाएगा।