बीएचयू के सेंट्रल लाइब्रेरी में पढ़ाई करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
भीषण गर्मी के बीच छह लाख से अधिक पुस्तकों वाले बीएचयू के सयाजी राव गायकवाड़ सेंट्रल लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं की संख्या अचानक बढ़ गई है। 750 की क्षमता वाले सेंट्रल लाइब्रेरी में सामान्य दिनों में जहां 1500 से 1600 छात्र-छात्राएं बैठते थे, वहीं इन दिनों चार गुना से भी अधिक विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। इससे पानी की खपत चार गुना (करीब 24000 लीटर) और बिजली खर्च 25 फीसदी तक बढ़ गया है। स्थिति यह है कि लाइब्रेरी तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है। तेज धूप और उमस के बीच लंबी लाइन लग रही है। बताया जा रहा है कि एसी और ठंडे पानी के चक्कर में ज्यादा छात्र आ रहे हैं।
सेंट्रल लाइब्रेरी में शुक्रवार को 6000 छात्र-छात्राएं पहुंचे। सुबह छह बजे ही प्रवेश के लिए लंबी कतार लग गई। मुख्य प्रवेश द्वार से एंट्री गेट तक छात्र-छात्राओं का जमावड़ा रहा। वहां स्थान पाने और पहले अंदर पहुंचने की होड़ लगी रही। दरअसल, छात्र-छात्राओं के लिए छह वाटर कूलर लगे हैं।
छात्र संख्या बढ़ने से उन पर प्रति छात्र चार से साढ़े चार लीटर के हिसाब से कुल लगभग 24000 लीटर पानी की खपत हो रही है। जबकि सामान्य दिनों में यह 4000 से 4500 लीटर ही रहती है। इसी तरह गर्मी में एसी, कूलर और पंखे आदि का उपयोग बढ़ने से बिजली की खपत भी लगभग 25 फीसदी बढ़ गई है।