लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर कॉलोनी निवासी एलआईयू इंस्पेक्टर विनय मोहन पाठक ने पुलिस को बताया कि वह दुर्गाकुंड स्थित अपने बड़े पिता की वैवाहिक वर्षगांठ मनाकर बेटी, बेटे और पिता के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बेटी स्कूटी से आगे चल रही थी। बेटे के साथ वह पीछे बाइक से आ रहे थे। ब्रह्मानंद नगर कॉलोनी में एल-1 कोचिंग के पास रात 10.45 बजे पहुंचे थे, तभी बेटी की स्कूटी को एक युवक ने रोक दिया।
पीछे से पहुंचा तो अचानक स्कूटी रोकने का युवक से कारण पूछा तो वह गाली गलौज करने लगा। इतने में पीछे से बाइक से दो युवक और आ गए और सब मारपीट करने लगे। एक युवक ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। एलआईयू इंस्पेक्टर ने बताया कि ईंट-पत्थर से चेहरे पर गंभीर चोट लगी है। बेटी और बेटा चीखने लगे तो आसपास के लोग जुट गए।
अंधेरे का फायदा उठा कर बाइक से दो हमलावर भाग निकले, लेकिन एक हमलावर पकड़ा गया। भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि हमले के आरोपी बिहार के नेवादा के दौलतपुर निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया है। वह दुर्गाकुंड कबीरनगर में रहता है। अन्य दो आरोपी भी कबीरनगर के निवासी हैं। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। सीसी कैमरे से पहचान कराई जा रही है।