बीएचयू परिसर में 24 सितंबर को मारपीट, पत्थरबाजी, आगजनी की घटना के बाद से कला संकाय और मेडिकल छात्रों के बंद हॉस्टल रविवार को खोले गए। इस दौरान छात्रों से नए सिरे से शपथ पत्र लेने के बाद उन्हें कमरा आवंटित किया गया, जबकि इनकी कक्षाएं आज से शुरू हो गई। छात्रों और अभिभावकों की ओर से भी शपथ पत्र लिया गया, इसमें घर का पता, मोबाइल नंबर, इमेल आईडी आदि का ब्योरा शामिल रहा।
सर सुंदरलाल अस्पताल में 24 सितंबर को फीमेल सर्जरी वार्ड में एक महिला के परिजन और रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट के बाद से ही परिसर का माहौल बिगड़ा था। इसमें कला संकाय के बिरला-एलबीएस हॉस्टल और आईएमएस के धनवंतरि और रुईया हॉस्टल के छात्रों के बीच मारपीट, पत्थरबाजी हुई थी।
रविवार को सुबह 9 बजे से ही छात्रावासों के बाहर छात्रों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। शाम करीब चार बजे तक नए सिरे से सत्यापन के बाद कमरा आवंटित किया गया। इसमें यूजी और पीजी के सभी छात्राें को डबल रूम अलाट किया गया। प्रतीक्षा सूची के छात्रों को भी कमरा आवंटित हुआ।