बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में का केंद्रीयकृत ऑक्सीजन सिस्टम खराब हो रहा है। ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, सीसीयू और एसीयू सहित अन्य जगहों पर तीन-चार दशक से पाइप लाइन समेत अन्य उपकरणों की मियाद खत्म हो गई है।
अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में 1500 मरीज भर्ती रहते हैं। वार्डों के साथ ही ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, सीसीयू, एसीयू सहित अन्य जगहों पर जरूरत पड़ने पर समय से आक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीयकृत ऑक्सीजन सिस्टम लगाया गया है। एक साल पहले इसकी मॉनीटरिंग के दौरान पता चला कि 30 साल से अधिक समय से लगे इन पाइपों, उपकरणों को कभी बदला ही नहीं गया। कुछ जगहों पर तो जर्जर भी हो गए हैं। अगर समय रहते इसे बदलवाया नहीं गया तो मरीजों के साथ कभी भी अनहोनी हो सकती है।
अब ऑक्सीजन सिस्टम को देखने वाले विभाग की ओर से चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजा गया है। पत्र में उपकरणों के खराब होने के जिक्र करते हुए घटनाओं का भी अंदेशा जताते हुए जल्द से जल्द इन्हें बदलवाने का आग्रह किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि आक्सीजन सिस्टम में लगे कई उपकरण 30-40 साल से बदले नहीं गए हैं। अप्रिय घटनाएं रोकने के लिए इन्हें बदलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।