Varanasi News: बीएचयू अस्पताल में 170 दिन बाद एमसीएच विंग में खून की जांच शुरू होगी। पूर्व एमएस ने 21 फरवरी को जांच काउंटर बंद कराया था। जांच किट फेंक दी थी।
बीएचयू अस्पताल के एमसीएच विंग में सवा पांच महीने बाद फिर से गर्भवती महिलाओं की खून जांच हो सकेगी। जांच की सुविधा शुरू होने से ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद महिलाओं को 100 नंबर वाले सीसीआई लैब काउंटर पर सामान्य मरीजों की तरह लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
विज्ञापन
बीएचयू अस्पताल में हर दिन वाराणसी और आसपास के जिलों के साथ ही बिहार से ओपीडी में 400 से अधिक गर्भवती महिलाएं आती हैं। पहले यहां महिलाओं की सुविधा के लिए ओपीडी के गेट पर ही सीसीआई लैब काउंटर पर खून जांच का सैंपल लिया जाता था। लेकिन, 21 फरवरी 2026 को तत्कालीन एमएस प्रो. केके गुप्ता ने व्यवस्था बंद करा दी थी।
जांच काउंटर के पास रखी जांच किट और जरूरी कागजात को फेंकवा दिया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय सहित विभाग की अन्य चिकित्सकों ने आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार से मिलकर शिकायत भी दर्ज कराई थी।
विज्ञापन
एमसीएच विंग में जिस जगह पर जांच काउंटर पहले चल रहा था, अब वहीं पर गर्भवती महिलाओं की जांच जल्द ही शुरू हो जाएगी। अब महिलाओं को 100 नंबर काउंटर तक नहीं आना होगा। - प्रो. एसपी मिश्रा, प्रभारी, सीसीआई लैब, बीएचयू