बीएचयू गेस्ट हाउस की बुकिंग अब ऑनलाइन भी होगी। नमस्ते बीएचयू एप से भी गेस्ट हाउस बुक कराया जा सकेगा। कमरा खाली न होने पर दूसरे गेस्ट हाउस में रिक्वेस्ट ट्रांसफर हो जाएगी।
बीएचयू के गेस्ट हाउस की बुकिंग अब ऑनलाइन भी की जा सकेगी। आधिकारिक वेबसाइट और नमस्ते बीएचयू एप से गेस्ट हाउस में रूम बुक किए जा सकेंगे। बीएचयू ने बुधवार को गेस्ट हाउस बुकिंग और मैनेजमेंट के लिए ‘अतिथि’ प्रणाली का शुभारंभ किया। कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने एलडी गेस्ट हाउस में इस सुविधा की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
बीएचयू के आईटी सलाहकार प्रो. टीवी प्रभाकर की ओर से अतिथि प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। सभी प्रोफेसर और नॉन टीचिंग स्टाफ अपना अनुरोध बीएचयू को भेज सकेंगे। गेस्ट हाउस में कमरों की उपलब्धता, बुकिंग की पुष्टि, श्रेणी के अनुसार कमरों का आवंटन और अतिथियों के आगमन व प्रस्थान के साथ ही वैकेंट कमरों पर निगरानी रखी जा सकेगी। गेस्ट हाउस के पूरी तरह भर जाने की स्थिति में बुकिंग अनुरोध दूसरे गेस्ट हाउस को भेज दिया जाएगा।
एलडी गेस्ट हाउस के मुख्य संरक्षक प्रो. राकेश सिंह और प्रो. जीपी सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप इस प्रणाली को आगे और विकसित किया जाएगा। प्रो. टीवी प्रभाकर के साथ उनके सहयोगी अंशुमान कुमार शर्मा, देव अंगिरस, शालिनी यादव एवं विकास सिंह ने कार्यप्रणाली के बारे में जानकारियां दीं।