बीएचयू छात्राओं का दिन भर चला प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
छेड़खानी के विरोध में शुक्रवार की सुबह से बीएचयू के लंका गेट पर छात्राओं का धरना अभी तक जारी है। छात्राओं की मांग है कि कुलपति मौके पर पहुंचे लेकिन 35 घंटे बाद भी कुलपति डॉ. जीसी त्रिपाठी अब तक छात्राओं के बीच नहीं पहुंचे हैं।
अलबत्ता विश्वविद्यालय प्रशासन और वाराणसी प्रशासन आंदोलित छात्राओं को मनाने के लिए सैंकड़ों बार पहल कर चुकी है। छात्रों के इस आंदोलन के कारण शुक्रवार शाम पीएम मोदी का रूट भी बदल दिया गया था। शहर में पीएम थे और इन छात्राओं के प्रदर्शन ने वाराणसी प्रसाशन की चिंता बढ़ा दी थी।
शुक्रवार सुबह से छात्राओंं को मनाने,समझाने और डराने के कई बार प्रयास किये गए मगर वो अपनी जगह से नहीं हटी। शुक्रवार पूरी रात सैंकड़ों की संख्या में छात्राएं लंका गेट पर बैठी रहीं। छात्राओं के समर्थन में कुच छात्रों ने रात में कुलपति का पुतला भी जलाया।
इधर छात्राओं के समर्थन में सोशल मीडिया पर खूब बयानबाजी हो रही है। बीएचयू में छात्राओं का प्रदर्शन सोशल मीडिया में वायरल है। ताजा माहौल के मुताबिक, पीएम के वाराणसी से प्रस्थान होने के बाद बीएचयू में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि या तो अब कुलपति सामने आयेंगे या फिर छात्राओं को गिरफ्तार किया जाएगा।