वाराणसी। बीएचयू में स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए चल रही प्रवेश परीक्षा का पहला चरण 31 अगस्त को खत्म हो जाएगा। इस चरण की परीक्षा की आंसर की भी विश्वविद्यालय की ओर से सितंबर के पहले सप्ताह में जारी करने की तैयारी शुरू हो गई है।
बीएचयू में दाखिले के लिए देश भर के 202 शहरों में चल रही प्रवेश परीक्षा का पहला चरण 24 से 31 अगस्त और दूसरा चरण 9 से 18 सितंबर तक चलना है। पहले चरण में केवल दो दिन की परीक्षाएं बची हैं, ऐसे में दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारियां भी जोर शोर से चल रही हैं। बीएचयू प्रशासन की ओर से अक्टूबर के पहले सप्ताह तक प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम जारी होने की संभावना है। दूसरा चरण शुरू होने से पहले ही नियमानुसार वेबसाइट पर आंसर की भी जारी कर दी जाएगी, जिससे कि तय समय के भीतर नियमानुसार अभ्यर्थी अपनी बात रख सकें। दूसरे चरण की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र भी बीएचयू की वेबसाइट पर दो से तीन सितंबर तक अपलोड होने की संभावना है।