ज्ञापन सौंपते अभाविप कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में एनटीए की ओर से कराई जाने वाली प्रवेश परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने व्यवस्था पर सवाल उठाया है। प्रभारी कुलपति से मिलकर कार्यकर्ताओं ने बी.एससी. कृषि प्रवेश परीक्षा में प्रवेश पत्र मिलने में देरी, बीएड की प्रवेश परीक्षा में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों को अंग्रेजी भाषा का प्रश्न पत्र मिलने सहित अन्य गड़बड़ियों पर जांच की मांग की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्वविद्यालय बीएचयू विभाग के संयोजक अधोक्षज पांडेय के नेतृत्व में कुलपति को दिए गए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया है कि एनटीए की ओर से कराई गई प्रवेश परीक्षा में जिस तरह से लापरवाही बरती गई उसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ा। जहां बी.एससी. कृषि की प्रवेश परीक्षा से 24 घंटे पहले तक छात्रों को एडमिट कार्ड नहीं मिला वहीं बहुत से छात्र परीक्षा केंद्रों तक भी नहीं पहुंच सके और उनकी परीक्षा छूट गई। ऐसे में उन सभी परीक्षार्थियों को दोबारा प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाए।
इसके अलावा विद्यार्थी परिषद ने 9 अक्टूबर को हुई बीएड की प्रवेश परीक्षा में हिंदी भाषी अभ्यर्थियों को अंग्रेजी भाषा का प्रश्न पत्र देने, कई केंद्रों पर समय से पहले ओएमआर लिए जाने की शिकायत की है। मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। चेतावनी दी कि अगर एनटीए द्वारा की गई लापरवाही की जांच करा कर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थी परिषद छात्र हित में उग्र आंदोलन करेगा।इस दौरान सह संयोजक अभय प्रताप, पतंजलि पांडेय, पल्लव सुमन, श्रेयस सिंह मौजूद रहे।