आईएमएस बीएचयू के स्त्री रोग विभाग की ओर से बुधवार को आयोजित कार्यशाला में ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टरों की टीम ने लैप्रोस्कोपी, हिस्टेरोस्कोपी विधि से सर्जरी की। इसका सजीव प्रसारण डॉक्टर्स लाउंज में करवाया गया। यहां बैठे रेजिडेंट समेत अन्य डॉक्टरों ने लाइव सर्जरी को देखा और उससे जुड़े सवालों को भी पूछा। ऑपरेशन करने वाली टीम ने उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।
बीएचयू अस्पताल के डॉक्टर्स लाउंज में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि चिकित्सा चिकित्सा अधीक्षक प्रो. केके गुप्ता और डीन रिसर्च प्रो. गोपाल नाथ ने इस तरह के आयोजनों को चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों के लिए उपयोगी बताया।
स्त्री रोग विभाग के ऑपरेशन थियेटर में प्रो. संगीता राय के साथ ही डॉ. श्रीकांत ओहरी, डॉ. मानसी ढींगरा ने लैप्रोस्कोपी, हिस्टेरोस्कोपी विधि से सर्जरी की। प्रो. संगीता ने बताया कि इस विधि से सर्जरी में मरीज के शरीर में चीरा नहीं लगाना पड़ता है। मरीज को दर्द कम होता है। संक्रमण का खतरा कम हो जाता है।
मेडिकल छात्रों को सर्जरी की बारीकियों से अवगत कराना कार्यशाला का उद्देश्य है। समय-समय पर इस तरह के आयोजन कराए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में प्रो. मुमताज अंसारी, डॉ. शिखा सचान, डॉ. ममता, डॉ. साक्षी अग्रवाल, डॉ. जिज्ञासा सिंह, डॉ. लावण्या अनुरंजनी मौजूद रहीं।