कोरोना वायरस के संक्रमण से कैसे बचें, क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी होना बेहद अहम है। जनता को जागरूक करने के लिए बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय के पूर्व एमएस और न्यूरोलाजिस्ट प्रो. विजय नाथ मिश्र ने 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री पूर्वांचल की कोरोना से जंग, जीतेंगे हम.. तैयार की है।
सोमवार को राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने फिल्म का अपने घर से ही लोकार्पण किया। प्रो. विजय नाथ मिश्र ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाने और लोगों को जागरूक करने के लिए इस डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया गया है। डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक सपन कुमार चटर्जी और असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. सुमिल तिवारी हैं।
फिल्म में बीएचयू न्यूरोलाजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. रामेश्वरनाथ चौरसिया, सतवीर कौर, रीटा चटर्जी, दिनेश कुमार शर्मा, दीपक कुमार गुप्ता, भरत गुप्ता, ओमकारनाथ संड ने अभिनय किया है।