चिकित्सक को पुलिस ने लौटाए पैसे।
- फोटो : अमर उजाला
ओलएक्स साइट पर फ्रीज खरीदारी के दौरान साइबर जालसाजी की शिकार हुई बीएचयू की चिकित्सक अंकिता सिंह के चेहरे पर रविवार को मुस्कान लौट आई। तीन माह पूर्व हुई धोखाधड़ी मामले में साइबर थाना की पुलिस ने एक लाख 77 हजार 150 रुपये बरामद कराया और थाने में डॉ. अंकिता सिंह को सौंपा। अपनी गाढ़ी कमाई वापस पाकर अंकिता सिंह की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और कमिश्नरेट पुलिस के कार्यों को काफी सराहा।
दरअसल, 30 मार्च 2021 को बीएचयू की डॉ. अंकिता सिंह से ओएलएक्स साइट पर फ्रीज खरीदारी के दौरान एक लाख 77 हजार 150 रुपये की धोखाधड़ी हो गई थी। खाते से इनकी बड़ी रकम गायब होने पर परेशान डॉ. अंकिता सिंह ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से साइबर थाने की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
सारनाथ स्थित साइबर थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने बताया कि आईटी और धोखाधड़ी मामले में जांच पड़ताल करते हुए चिकित्सक के खाते से गायब रकम को वापस दिलाया गया। वहीं उन्होंने अपील किया कि आनलाइन खरीदारी के समय बहुत सतर्कता बरतें। सामान की खरीद फरोख्त के दौरान भुगतान से पहले एक बार जरूर फेस टू फेस मुलाकात करें। किसी लुभावने स्कीम और सामान के झांसे में न आएं।