बीएचयू के सुपर स्पेशियलिटी कांप्लेक्स में कोरोना संक्रमित मरीजों के भागने और और कूदकर जान देने की घटनाओं के बाद कांप्लेक्स के वार्डो की खिड़कियों में जाली लगवाई जाएग। सुरक्षा के लिए सभी वार्डों में ताले भी लगाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर खोलने के लिए केयर टेकर की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से आने-जाने वाले लोगों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी कांप्लेक्स में सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कभी मरीज आइसोलेशन वार्ड से निकलकर बाहर भाग जा रहे हैं तो कोई बिल्डिंग से कूदकर जान भी दे रहे हैं। चीफ प्रॉक्टर प्रो. ओपी राय का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही नहीं होगी। उन्होंने मरीजों-परिजनों से भी सहयोग की अपील की है।
सुरक्षा को लेकर ये होंगे बदलाव
- सुपर स्पेशियलिटी कांप्लेक्स की खिड़कियों पर जाली लगवाई जाएगी।
- वार्ड में ताला बंद रहेगा। एक केयर टेकर की तैनाती होगी।
- कोविड वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए एक गार्ड की तैनाती होगी।
- सुपर स्पेशियलिटी कांप्लेक्स में वार्डों तक जाने के लिए बने रैंप पर लगे दरवाजे की ऊंचाई बढ़वाई जाएगी।
- वार्डो में टेलीविजन लगाए जाएंगे और समाचार पत्र भी वार्डों में रखवाए जाएंगे, ताकि मरीजों को अकेलापन न महसूस हो।