वाराणसी का महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का परिसर अब दिव्यांग फ्रेंडली होगा। संकाय से लेकर छात्रावासों में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के हिसाब से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने विश्वविद्यालय में दिव्यांग छात्रों की सुविधाओं के लिए 80 लाख रुपये का अनुदान जारी कर दिया है। काशी विद्यापीठ में दिव्यांग विद्यार्थियों की असुविधाएं अब जल्द दूर हो जाएंगी।
कुलपति प्रो. टीएन सिंह के प्रयास से प्रदेश सरकार ने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए अनुदान जारी हो गया। इसके तहत हर फैकल्टी में रैंप की सुविधा रहेगी। लाइब्रेरी में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए लिफ्ट और अलग से एक स्टडी रूम भी निर्मित होगा। मानविकीय संकाय में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए टॉयलेट का निर्माण होगा।
दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय में सुविधाएं बढ़ने से उनको रोजमर्रा की समस्याओं से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। विश्वविद्यालय के संकायों और लाइब्रेरी में अभी तक दिव्यांगों विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं नहीं थीं।
कुलपति प्रो. टीएन सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की तरफ से 80 लाख का अनुदान जारी हो चुका है। जल्द ही इस दिशा में काम शुरू कराया जाएगा। इससे दिव्यांग छात्रों को सहूलियत होगी। हमारा प्रयास है कि पूरा विश्वविद्यालय परिसर दिव्यांग फ्रेंडली हो सके।