दिवंगत भूकंप वैज्ञानिक के शोध छात्र को मिली पीएचडी उपाधि
बीएचयू के दीक्षांत समारोह के 13 संकायों में 5000 उपाधियां और 150 से ज्यादा मेडल का वितरण हो गया। शनिवार को स्वतंत्रता भवन सभागार में मुख्य कार्यक्रम के ठीक बाद विज्ञान संस्थान के टॉपर्स को उपाधियां और मेडल दिए गए। पिछले साल अपने फ्लैट में मृत पाए गए भूकंप वैज्ञानिक डॉ. रोहताश कुमार के शोध छात्र डॉ. अमृतांश राय को स्वतंत्रता भवन में पीएचडी की उपाधि से नवाजा गया। इस दौरान मंच पर अमृतांश काफी भावुक हो उठे।
बीएचयू में रहकर पीएचडी पूरा कर चुके कई युवा वैज्ञानिकों को डॉक्टरेट उपाधि से नवाजा गया। मैनेजमेंट में 203 छात्रों को उपाधि और शिक्षा संकाय में सात मेडल दिए गए। 5000 से ज्यादा छात्र और छात्राएं दीक्षांत परिधान में पूरे कैंपस में आते-जाते दिखे। अगले दो दिन तक ऐसा ही वातावरण रहेगा। विज्ञान संस्थान के जियो फिजिक्स के छात्र रहे पल्लव कुमार को गोल्ड सहित चार मेडल दिए गए। पल्लव आईआईटी बॉम्बे से पीएचडी कर रहे हैं।
रविवार को बीएचयू के सबसे बड़े संकाय को डिग्री
आज कला संकाय के 22 विभागों में 4358 छात्र और छात्राओं को आज स्वतंत्रता भवन सभागार में उपाधियां मिलेंगी। 94 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल मिलेंगे। सबसे पहले सुबह 9 बजे 267 स्कॉलर्स को डॉक्टरेट की उपाधि दी जाएगी। यूजी की 2676 डिग्रियां और पीजी की 1415 डिग्रियां दी जाएंगी।
बीएचयू में दो दिन मनेगा कॉलेजों का दीक्षांत समारोह
बीएचयू के दीक्षांत समारोह के मुख्य आयोजन के बाद 15-16 दिसंबर को कॉलेजों का दीक्षांत समारोह मनेगा। विश्वविद्यालय परिसर के अलग-अलग सभागार में कॉलेजों का कार्यक्रम होगा। वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर को मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सभागार में सुबह 9.30 बजे से दीक्षांत समारोह में छात्राओं को पदक और उपाधि दी जाएगी।
वसंत कन्या महाविद्यालय कमच्छा का समारोह शताब्दी कृषि सभागार में 16 दिसंबर को मनाया जाएगा। प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने बताया कि बतौर मुख्य अतिथि जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया की पूर्व कुलपति प्रो. कल्पलता पांडेय छात्राओं को पदक, उपाधि वितरित करेंगी। डीएवीपीजी कॉलेज के 1061 विद्यार्थियों को 16 दिसंबर को मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र सभागार में उपाधि दी जाएगी। ब्यूरो
डॉ. ईशा को संकाय प्रमुख प्रो. अंजलि बाजपेयी ने उपाधि प्रदान की।
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. ईशा गुप्ता को मिली पीएचडी उपाधि
बीएचयू दीक्षांत समारोह के दौरान शिक्षा संकाय में आयोजित समारोह में डॉ. ईशा गुप्ता को पीएचडी की उपाधि दी गई। डॉ. ईशा को संकाय प्रमुख प्रो. अंजलि बाजपेयी ने उपाधि प्रदान की। इस दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। वहीं, परिजनों ने भी डाॅ. ईशा के प्रति अपनी खुशी जाहिर की है।