बीएचयू के पूर्व छात्र और 104वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि जय चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू के पूर्व छात्र और 104वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि अरबपति जय चौधरी 14 दिसंबर को छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता भवन सभागार में 45 मिनट तक संबोधित करेंगे। इससे पहले सोमवार को उन्होंने अपना संदेश बीएचयू को भेजा और कहा कि बीएचयू ने उन्हें रिस्क लेना सिखाया। इसी कैंपस ने सपने दिखाए और पांच बड़ी कंपनियों की स्थापना की।
दुनिया के टॉप-100 सबसे प्रभावी उद्यमियों में शुमार जीस्केलर के सीईओ जय चौधरी 185 देशों के 34 करोड़ लोगों को साइबर खतरों से बचा रहे हैं। साइबर और क्लाउड सिक्योरिटी में काम करने वाली उनकी कंपनी ने पिछले एक साल में 5810 करोड़ साइबर खतरों को ब्लॉक किया है। कंपनी की कुल वैल्यू 3.4 अरब डॉलर है।
जय चौधरी ने 1980 में विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (अब आईआईटी बीएचयू) से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी की डिग्री प्राप्त की थी। दीक्षांत से पहले उन्होंने अपना संदेश जारी कर कहा कि बीएचयू वही जगह है, जिसने उन्हें चुनौतियों का सामना करना सिखाया। प्रेरित किया और उन लोगों से मिलवाया जो आजीवन मेरे मित्र और मार्गदर्शक बने।
जय चौधरी ने कहा, मैंने बीएचयू से ही सहयोग के महत्व को समझा और सीखा। वहां से ऐसे सबक लिए जिनकी बदौलत पांच कंपनियां शुरू कीं। बीएचयू ने रिस्क लेकर मुझे आगे बढ़ना सिखाया।