बीएचयू के पूर्व छात्रों ने महामना सेवा समिति बनाई है। इसके माध्यम से महामना के संदेशों को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक कार्यों में भी भागदारी की जाएगी।
बीएचयू के पूर्व छात्रों की ओर से बनाई गई संस्था महामना सेवा समिति के वाराणसी कार्यालय का रविवार को उद्घाटन किया गया। इसके माध्यम से पुरातन छात्र देश-समाज में महामना के संदेशों को बांटेंगे। साथ ही सामाजिक कार्यों में भी बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगे।
विज्ञापन
मुख्य अतिथि डॉ. ब्रह्मचारी शंभूनाथ ने महामना के विचारों का अनुसरण करते हुए सदस्यों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। सामनेघाट स्थित महेशनगर कालोनी में समिति का कार्यालय खुला है। महामना परिवार के संरक्षक डॉ. अवध नारायण त्रिपाठी ने बताया कि महामना परिवार एक ऐसा संगठन है जो महामना पंडित मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के पुरातन छात्रों द्वारा बनाया गया है।
इसका उद्देश्य बीएचयू से पढ़कर बाहर देश-विदेश में अपनी सेवा दे रहे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना है। साथ ही एक दूसरे की मदद करना और महामना के उद्देश्यों के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करना है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
विज्ञापन
इसमें 15 अगस्त से एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ करना, सदस्यता अभियान चलाना, एक सात सदस्यीय कोर कमेटी बनाना शामिल है। कार्यक्रम में डॉ. शेषनाथ चौहान, डॉ. के एम त्रिपाठी, प्रोफेसर सुदामा सिंह, डॉ. अशोक कुमार सिंह, डॉ. अनिल कुमार सिंह आदि लोग मौजूद रहे।