नौकरी खोज में फरवरी और काउंसिलिंग में मई टॉप पर : विश्वविद्यालय रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन ब्यूरो की ओर से कॅरिअर के ये परामर्श दिए जा रहे हैं। हालिया जारी बीएचयू के सेवायोजन ब्यूरो की वार्षिक रिपोर्ट में कॅरिअर मार्गदर्शन और रोजगार से जुड़े आंकड़ों को भी साझा किया गया है। नौकरी खोज में फरवरी और काउंसिलिंग में मई टॉप पर रहा।
ये जानकारी मार्च 2025 से लेकर अप्रैल 2026 के बीच 12 महीनों के जारी आंकड़ों से मिली। इसमें बताया गया है कि सबसे ज्यादा 338 विद्यार्थियों ने फरवरी में नौकरी खोजी। इसके बाद नवंबर और मार्च में 301-301 विद्यार्थियों ने नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। सबसे कम अप्रैल में 49 विद्यार्थियों ने नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। सबसे ज्यादा मई में 348 और जुलाई में 298 विद्यार्थियों ने काउंसिलिंग कराई। सबसे कम 121 छात्रों ने मार्च में काउंसिलिंग कराई।
एनसीएस पोर्टल पर भी दर्ज हुई संख्या
ब्यूरो के चेयरमैन बीएचयू के प्रो. अमित गौतम के अनुसार, राज्य सरकार के सेवा नियोजन अधिकारी और 6 कर्मचारियों की मौजूदगी में काउंसिलिंग होती है। नौकरी पाने के लिए इंटरव्यू की तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए कई छात्र आते हैं। उनके कोर्स, क्वालिफिकेशन, योग्यता और नेचर के अनुसार, नौकरी के लिए गाइडेंस दिया जाता है। प्राइवेट, सरकारी, खेल, कॉरपोरेट या किसी भी तरह की प्रोफेशनल नौकरी के लिए सुझाव दिया जाता है। बीएचयू के इस कार्यालय में हुए सभी रजिस्ट्रेशन को एनसीएस राष्ट्रीय कॅरिअर सेवा पोर्टल पर भी दर्ज करवा दिया गया है।