बीएचयू के वाणिज्य संकाय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लाल बाबू जायसवाल और उनकी शोधार्थियों मुस्कान, महिमा, अनीशा और वर्षा ने परिसर के अलग-अलग विभागों के 402 छात्रों पर ये सर्वे किया है। इस रिसर्च में यूजी के 60 फीसदी और पीजी के 35 फीसदी और पांच फीसदी पीएचडी छात्र शामिल थे।
सर्वे के अनुसार बीएचयू के 90% छात्र चैट जीपीटी, 85 फीसदी गूगल जेमिनाई, 60 फीसदी ग्रामर्ली से, 45 फीसदी माइक्रोसॉफ्ट को-पायलट और 50 फीसदी परप्लेक्सिटी एआई एप से परिचित हैं। 80 फीसदी छात्र एआई का इस्तेमाल स्मार्टफोन से करते हैं। 18 फीसदी लैपटॉप या पीसी और दो फीसदी टैबलेट से इस्तेमाल करते हैं।
70% रोज करते हैं एआई का इस्तेमाल: 70% विद्यार्थी रोज और 20 फीसदी सप्ताह में एक बार एआई का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, 10 फीसदी ऐसे हैं जो कभी-कभी एआई एप या वेबसाइट खोलते हैं। 55 फीसदी छात्रों ने बताया कि इससे विद्यार्थी की स्वतंत्र सोच कमजोर हो सकती है। वहीं, 35 फीसदी को इसकी सत्यता और सटीकता पर संदेह है। 60 फीसदी छात्रों को एकेडमिक इंटीग्रिटी खत्म होने का डर है। वहीं, इतने ही छात्रों ने ये भी बताया कि बीएचयू में एआई को लेकर कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं है।
32% छात्र नहीं करते वेरिफाई: लगभग 68 फीसदी छात्र एआई से मिली जानकारी को इस्तेमाल करने से पहले वेरिफाई करते हैं। जबकि 32 फीसदी छात्र बिना जांच के उपयोग कर लेते हैं।