चातुर्मास के चार पवित्र महीने में भादो दूसरा है। इस महीने 27 व्रत व त्योहार पड़ेंगे। मंगलवार को इसकी शुरुआत हो गई। इस महीने कान्हा के जन्मोत्सव की धूम रहेगी तो हरितालिका तीज, कजरी, ललही छठ जैसे व्रत व त्योहार भी पड़ेंगे। काशी में लोलार्क षष्ठी पर स्नान के लिए देशभर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। हालांकि इस मास में मांगलिक कार्य नहीं होंगे।
भाद्रपद में तमाम व्रत व त्योहार हैं, जो सनातनियों के सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं। आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री व अमित मिश्र ने बताया कि भाद्रपद संस्कृत के भद्र शब्द से बना है, जिसका अर्थ है सभ्य। यानी व्यक्तित्व को निखारने का महीना। इस महीने में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। विश्वकर्मा पूजा और पितृपक्ष की शुरुआत भी इसी महीने में होगी। इस बार आंशिक चंद्रग्रहण भी लगेगा। दो दर्जन से अधिक व्रत व त्योहार पड़ेंगे। इस महीने श्रद्धाभाव से पूजन-अर्चन व जरूरतमंदों को दान पुण्य करने का विशेष महत्व है।