पत्नी और पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर मंगलवार को भदोही जिले के चौरी बाजार निवासी युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक के कुएं में कूदने की जानकारी मिलते ही परिवार और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर फायर ब्रिगेड टीम ने पुलिस के सहयोग से मृतक दिनेश जायसवाल (27) के शव को बाहर निकाला। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। जिस कुएं में युवक कूदा उसमें पानी नहीं था। ऐसे में उसे गंभीर चोट आ गई थी। उसकी मौत दम घुटने से होने की आशंका जताई जा रही है।
उसके कूजने के बाद ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिला पायी। फायर विभाग ने पहुंचकर शव निकाला। मृतक दिनेश की इसी वर्ष पांच मई को वाराणसी के जमुवां बाजार में शादी हुई थी। बताया गया कि शादी के बाद से ही पति और पत्नी में विवाद होता था।
दोनों के बीच मामला तलाक तक पहुंच गया था। कई बार पंचायत के बाद भी मामले का हल नहीं निकल सका। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भी मामला सुलझ नहीं सका। मृतक पुलिस के प्रताड़ना से भी काफी त्रस्त बताया गया।
दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए थाने भी ले आई थी। ऐसे में माना जा रहा है कि पत्नी और पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या की होगी। बहरहाल सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। मृतक तीन भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था।
थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किसी ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। युवक पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।