उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद के औराई कोतवाली क्षेत्र स्थित दत्तीपुर गांव में नहर के किनारे युवक की हत्या कर शव फेंकने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरे की तलाश है। निशानदेही पर पुलिस ने चाकू, खून से सना कपड़ा और बाइक को बरामद किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बच्चों के मामूली विवाद में साबिर की हत्या कर दी थी।
शुक्रवार को औराई कोतवाली में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दत्तीपुर गांव के सामने कृषि अनुदान केंद्र के पास नहर की पटरी पर बृहस्पतिवार की सुबह युवक का शव मिला था। इसकी शिनाख्त भदोही के घमहापुर निवासी साबिर के रूप में हुई। घटना के खुलासे के लिए सीओ अजय कुमार, कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच को जिम्मेदारी दी गई थी। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने हत्या में शामिल सौदागर अली निवासी घमहापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सौदागर ने बताया कि मृतक साबिर के बड़े भाई कासिम का मेरे भाई अमजद से एक माह पूर्व बच्चों की बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद में अमजद को हल्की चोटें आई थी। इसी रंजिश को लेकर 23 जून की रात एक अन्य साथी इरफान निवासी काशीपुर के साथ साबिर को लिया। उसे शराब पिलाने का लालच दिया तो वह तैयार हो गया। पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसे महराजगंज के एक ढाबे पर लेकर गए जहां शराब पिलाई गई। उसके बाद दत्तीपुर नहर के पास सूनसान स्थल पर ले जाकर गला काटकर हत्या कर दी। लाश को पानी भरे खेत में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चाकू, आरोपी का खून से सना कपड़ा और एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तारी टीम में स्वॉट प्रभारी विनोद दूबे, प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, कांस्टेबल सर्वेश राय, तुफैल अहमद, नरेंद्र सिंह, नागेंद्र यादव, सुनील कन्नौजिया शामिल रहे।