पर्यटन विकास की दृष्टि से प्राचीन बनारस घराने की शास्त्रीय संगीत की महफिलों को वापस लाने की तैयारी की जा रही है। गुलाब की पंखुड़ियों की खुशबू के बीच पहली महफिल के जरिए सुरों का तोहफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पेश किया जाएगा। कोलकाता की मशहूर ठुमरी गायिका सोमा घोष ने शनिवार को इसका प्रस्ताव केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री महेश शर्मा को दिया। उन्होंने सोमा को भरोसा दिलाया कि महीने भर के भीतर वह पीएम से मिलकर महफिल की तारीख तय कराने की कोशिश करेंगीं।
पीएम को काशी में सुरों का अनूठा गुलदस्ता भेंट करने की यह योजना बीते दिनों दिल्ली में ही बनाई गई थी। तब केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री ने सोमा को बनारस पहुंचकर इस पर चर्चा करने की सलाह दी थी। शनिवार की सुबह गायिका सोमा बनारस पहुंचीं और पीएम के संसदीय कार्यालय में पर्यटन मंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा की। साथ ही उन्हें इस आशय का प्रस्ताव भी सौंपा। पर्यटन मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि महीने भर के भीतर इस महफिल की तारीख तय कर ली जाएगी। इस महफिल का आयोजन सांस्कृतिक संस्था मधु मूर्छना की ओर से किया जाएगा। सोमा ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि पीएम को महफिल का तोहफा शाही अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके लिए गंगा किनारे बने दरभंगा महल को चुना गया है।