वाराणसी। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘नमामि गंगे’का जागरण अभियान बुधवार को महामना की कर्मभूमि बीएचयू से शुरू हुआ। नमामि गंग परियोजना के काशी क्षेत्र के संयोजक मंडल ने ‘नमामि गंगे’ कलश में अस्सी घाट से गंगाजल भरकर बीएचयू के कुलपति प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी को भेंट किया।
इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि गंगा भारत की भाग्य रेखा है। ये मात्र जल नहीं अमृतधारा है। इसका संरक्षण, संवर्धन, उन्नयन करना हमारा नैतिक दायित्व है। परियोजना के काशी क्षेत्र के संयोजक मंडल अशोक चौरसिया ने बताया कि गंगा किनारे के नौ जिलों और 26 विधान सभा क्षेत्र के लगभग दो हजार गांवों और शहरों में गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए लोक जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सह संयोजक अंकिता खत्री, मनीष खत्री, डॉ. अष्टभुजा, डॉ. मन्नू यादव, चंदन दास, प्रतीची गुप्ता, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. उत्तम ओझा और धन्यवाद ज्ञापन मीना चौबे ने किया।