वाराणसी। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्रों के दो गुट फिर आमने-सामने आ गए। चुनाव से पहले ही प्रचार की होड़ में जुटे छात्र नेताओं में आपसी कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
इस बीच, गेट पर तैनात दरोगा से भी बदसलूकी की गई। छात्रनेताओं की तनातनी के बीच परिसर का माहौल इस कदर गरमाया कि स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। पुलिस ने लाठी भांजकर छात्रनेताओं को खदेड़ा।
कॉलेज में इन दिनों प्रवेश परीक्षाएं चल रही हैं, जिसको लेकर हर दिन अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरी ओर छात्रनेताओं ने अभी से ही चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है जबकि अभी चुनाव का न कोई समय निर्धारित हुआ है न ही कोई प्रक्रिया इस बारे में शुरू हुई है। दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही छात्रनेता कॉलेज के माहौल को चुनावी रंग में रंगने में जुटे हैं। मंगलवार को भी प्रचार की होड़ में दो छात्र गुट भिड़े थे।
बुधवार को भी छात्र गुटों में टकराव हो गया। कहासुनी और मारपीट के बीच किसी ने गेट पर तैनात दरोगा के साथ बदसलूकी कर दी। जिसके बाद गुस्साए पुलिस कर्मियों ने छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया। छात्रनेताओं की भीड़ अधिक होती देख लाठियां भांजनी पड़ीं। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि हंगामे की सूचना पर पुलिस गई थी। किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।