वाराणसी। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार एक मई से 18 वर्ष से अधिक के उम्र के सभी पात्र लाभार्थियों के टीकाकरण को लेकर बनारस रेल इंजन कारखाना में पूरी तैयारी कर ली गई है। रजिस्ट्रेशन व टीकाकरण काउंटर की संख्या चार-चार बढ़ाई गई है। ताकि किसी को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
केंद्रीय अस्पताल चिकित्सीय टीम के अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन एंबुलेंस बिग्रेड, सिविल डिफेंस का भी सहयोग लिया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए कर्मचारी क्लब, टीकाकरण केंद्र पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुजीत, उप महाप्रबंधक विजय एवं उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/ प्रोग्रेस मुकेश ओझा, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने शनिवार को संयुक्त रूप से तैयारी का जायजा लिया। राजेश कुमार ने बताया कि अब तक बरेका में 10,597 से अधिक पात्र लोगों को वैक्सीनेशन की पहली डोज दी गई है। जबकि 4416 से अधिक लोगों का टीकाकरण पूरा हो गया है।