Varanasi News: बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए मतदान जारी है। बनारस बार एसोसिएशन में कुल 5625 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3694 आजीवन सदस्य, 1848 साधारण सदस्य और 83 ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिन्होंने ऑल इंडिया बार एग्जाम पास कर लिया है।
बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मतदान स्थल के बाहर बैरिकेडिंग की गई है और मतदाताओं को कतारबद्ध होकर ही प्रवेश दिया जा रहा है।
विज्ञापन
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अमरनाथ शर्मा ने बताया कि चुनाव में कुल 12 पदों के लिए 53 प्रत्याशी मैदान में हैं। बनारस बार एसोसिएशन में कुल 5625 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3694 आजीवन सदस्य, 1848 साधारण सदस्य और 83 ऐसे मतदाता शामिल हैं, जिन्होंने ऑल इंडिया बार एग्जाम पास कर लिया है। इनके पास प्रमाणपत्र है, हालांकि अभी सीओपी कार्ड जारी नहीं हुआ है, फिर भी उन्हें मतदान की अनुमति दी गई है।
मतदान की सुविधा के लिए कुल 17 टेबल और 59 बूथ बनाए गए हैं। टेबल संख्या 1 से 6 तक साधारण सदस्यों के लिए, 7 से 16 तक आजीवन सदस्यों के लिए और 17 नंबर टेबल ऑल इंडिया बार एग्जाम पास मतदाताओं के लिए निर्धारित की गई है। मतदान के दौरान मतपत्र का फोटो लेना सख्त मना है। यदि कोई मतदाता फोटो लेते हुए पकड़ा गया तो उसका मतपत्र तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा। मतदान के लिए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा जारी मूल सीओपी कार्ड लाना अनिवार्य होगा। मोबाइल में लिया गया फोटो या फोटोकॉपी मान्य नहीं होगी।
विज्ञापन
इसके साथ ही परिसर में बाहरी व्यक्तियों द्वारा चुनाव प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एंट्री द्वार के पास लाइन में खड़े मतदाताओं के बीच कटआउट लेकर खड़े होने या प्रचार सामग्री बांटने पर भी रोक लगाई गई है।